Edited By Sunita sarangal,Updated: 01 May, 2026 02:51 PM

देखते ही देखते गाड़ी ने पलटी मारनी शुरू कर दी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
लुधियाना(राज): महानगर में तेज रफ्तार और सड़क पर बिखरी बजरी एक बार फिर काल बन गई। बुधवार रात करीब 9 बजे लुधियाना-होशियारपुर रोड पर चंद सिनेमा के पास एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें माल से लदी महिंद्रा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना खौफनाक था कि पिकअप ने सड़क पर करीब 2 से 3 पलटियां खाईं, जिसके कारण चालक का दायां हाथ कटकर शरीर से बिल्कुल अलग हो गया।
जानकारी के मुताबिक घायल चालक की पहचान रमेश चौहान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला है और फिलहाल लुधियाना के साबुन बाजार स्थित सट्टा मंडी के पास रहता है। बताया जा रहा है कि रमेश बुधवार रात अपने दो साथियों के साथ होशियारपुर से माल लोड करके लुधियाना की ओर आ रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी एलिवेटेड रोड के पास चंद सिनेमा के सामने पहुंची, तो वहां सड़क पर बजरी बिखरी होने और रफ्तार तेज होने के कारण पिकअप चालक अपना संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी ने पलटी मारनी शुरू कर दी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद खून से लथपथ रमेश और उसके साथियों को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे में रमेश का हाथ कट चुका था और उसके सिर व शरीर पर भी गंभीर चोटें आई थीं, जबकि उसके दोनों साथियों को मामूली चोटें लगीं। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत को देखते हुए रमेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सोबती अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बिखरी बजरी आए दिन हादसों को न्योता दे रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here