Ludhiana नगर निगम में FNCC चुनाव को लेकर बड़ा Twist! आज नहीं होगी वोटिंग, बदला पूरा Election Process

Edited By Vatika,Updated: 25 Aug, 2026 10:20 AM

municipal corporation election

नगर निगम लुधियाना में फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (FNCC) के 2 सदस्यों के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो

लुधियाना (हितेश ): नगर निगम लुधियाना में फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (FNCC) के 2 सदस्यों के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आज 25 अगस्त को सुबह 11 बजे गुरुनानक भवन में होने वाली पार्षदों की बैठक में अब सीधे चुनाव नहीं होगा। सूत्रों के मुताबिक, पहले निर्धारित शो ऑफ हैंड यानी हाथ खड़े कर मतदान की प्रक्रिया को बदल दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, आज की बैठक में FNCC सदस्य पद के लिए इच्छुक पार्षदों से केवल नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी और उम्मीदवारों को रसीद जारी होगी। इसके बाद बैलेट पेपर जारी किए जाने की प्रक्रिया होगी। सूत्रों के अनुसार, चुनाव के लिए अगली बैठक करीब 29 अगस्त को बुलाए जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सियासी विरोध के बाद बदला चुनावी पैटर्न
FNCC चुनाव को लेकर जारी शेड्यूल में बदलाव के पीछे सियासी खींचतान को बड़ी वजह माना जा रहा है। पूरे मामले की शुरुआत 24 जून को हुई थी, जब मेयर की ओर से दो विधायकों के बेटों को FNCC का सदस्य बनाने के आदेश जारी किए गए थे। इस फैसले का कांग्रेस समेत विपक्षी पार्षदों ने विरोध किया था और मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। विपक्ष का तर्क था कि FNCC सदस्यों का चुनाव पार्षदों द्वारा जनरल हाउस की बैठक में किया जाना है और मेयर को अपनी तरफ से सदस्यों की नियुक्ति करने का अधिकार नहीं है। दूसरी ओर, मेयर का दावा था कि 24 मार्च को हुई जनरल हाउस की बैठक में उन्हें इससे संबंधित अधिकार दिए गए थे। इस दावे को लेकर भी विपक्ष ने आपत्ति जताई थी। कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा समेत करीब 45 पार्षदों ने इस संबंध में हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज करवाया था।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला, निगम से मांगी गई रिपोर्ट
मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद अदालत ने नगर निगम से रिपोर्ट तलब की। इसी दौरान यह मामला भी सामने आया कि अदालत की रोक के बावजूद कुछ फाइलें एंटीसिपेशन में पास की गई थीं। इस मामले में मेयर को नोटिस भी जारी हुआ था। इसके बाद सरकार की ओर से 24 मार्च की जनरल हाउस बैठक में FNCC सदस्यों को लेकर पारित प्रस्ताव को रद्द कर दिया गया। दोनों विधायकों के बेटों की ओर से भी अपने पद से इस्तीफा देने की बात सामने आई।

11 सितंबर के बजाय 25 अगस्त को बैठक की अनुमति
इसके बाद FNCC के चुनाव के लिए 11 सितंबर की तारीख तय की गई थी। हालांकि नगर निगम की ओर से काम प्रभावित होने का हवाला देते हुए जल्द चुनाव करवाने की मांग की गई। इसके बाद हाईकोर्ट ने 25 अगस्त को बैठक करवाने की अनुमति दी। मेयर भी बैठक के लिए अपना विदेश दौरा बीच में छोड़कर लौटीं। लेकिन बैठक से ठीक पहले सत्ताधारी पक्ष के पार्षदों के बीच ही FNCC उम्मीदवारों को लेकर विरोध सामने आ गया।

सोमवार की बैठक में भी हुआ भारी विरोध
सोमवार को मेयर की ओर से बुलाई गई बैठक में जब सत्ताधारी पक्ष के पार्षदों के बीच विधायकों के बेटों को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा हुई तो इसका भारी विरोध हुआ। बैठक में काफी हंगामा हुआ और देर रात तक नाराज पार्षदों को मनाने की कोशिशें चलती रहीं। सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक चली कवायद के बावजूद सत्ताधारी पक्ष के सभी पार्षदों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद माना जा रहा है कि विरोध और संभावित क्रॉस वोटिंग की स्थिति को देखते हुए चुनाव की पूरी प्रक्रिया ही बदल दी गई है।

आज नहीं होगा FNCC सदस्यों का सीधा चुनाव
ऐसे में 25 अगस्त को सुबह 11 बजे गुरुनानक भवन में होने वाली बैठक में पार्षद सीधे FNCC सदस्यों का चुनाव नहीं करेंगे। फिलहाल केवल नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद स्क्रूटनी और बैलेट पेपर जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अगली बैठक में FNCC के दोनों सदस्यों के चुनाव के दौरान नगर निगम की सियासत किस करवट बैठती है और क्या सत्ताधारी पक्ष अपने उम्मीदवारों के लिए पार्षदों का समर्थन जुटा पाता है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!