लुधियाना में दहशत का माहौल, छत पर सो रहे फैक्ट्री वर्कर को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली

Edited By Kalash,Updated: 24 Sep, 2026 11:21 AM

ludhiana factory worker firing

लोहारा रोड स्थित ज्ञान चंद नगर इलाके में देर रात उस समय भारी दहशत फैल गई, जब अपने घर की छत पर सोने की तैयारी कर रहे एक कपड़ा फैक्टरी वर्कर को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई।

लुधियाना (राज): लोहारा रोड स्थित ज्ञान चंद नगर इलाके में देर रात उस समय भारी दहशत फैल गई, जब अपने घर की छत पर सोने की तैयारी कर रहे एक कपड़ा फैक्टरी वर्कर को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। गोली युवक की गर्दन को छूती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। परिजनों ने छत पर बिस्तर के पास से चली हुई बुलेट बरामद की है। घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते इलाज शुरू कर उसकी जान बचा ली। मामले की लिखित शिकायत थाना डाबा की पुलिस को सौंप दी गई है।

अस्पताल में उपचाराधीन कन्हैया मौर्य ने बताया कि वह एस.के. अग्रवाल फैब्रिक फैक्टरी में बतौर वर्कर काम करता है। रोजमर्रा की तरह रात करीब 10:30 बजे वह रात का खाना खाकर मकान की छत पर सोने के लिए गया था। गर्मी के चलते उसने छत पर अपना चारपाई और कूलर लगा रखा था। कन्हैया के मुताबिक, जैसे ही वह मंजे पर लेटने लगा, तभी अचानक पटाखे चलने जैसी जोरदार आवाज गूंजी और किसी भारी व गर्म चीज ने तेजी से उसकी गर्दन पर वार किया। शुरुआत में कन्हैया को लगा कि शायद आसपास से किसी ने छत पर पत्थर फेंका है जो उसकी गर्दन पर आ लगा। दर्द से कराहते हुए जब वह नीचे कमरे में अपने परिजनों के पास पहुंचा, तो उसकी गर्दन और कपड़ों पर बहता खून देखकर घरवालों के होश उड़ गए। परिजनों ने जब ध्यान से देखा तो समझ आया कि यह किसी धारदार हथियार या गोली का घाव है। इसके बाद जब परिजन तुरंत दौड़कर छत पर गए और कूलर व मंजे के आसपास जांच की, तो बिस्तर के पास से चली हुई एक बुलेट (गोली) बरामद हुई। परिवार वाले फौरन कन्हैया और बरामद गोली को लेकर अस्पताल की ओर भागे। कन्हैया और उसके परिजनों ने अपने घर के ठीक पीछे रहने वाले एक युवक पर सीधे तौर पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। 

पीड़ित के अनुसार, उक्त संदिग्ध युवक के पास अवैध पिस्तौल होने की चर्चा है और दोस्तों के बीच हुई किसी पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। पीड़ित पक्ष का दावा है कि उसी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से पीछे से यह फायर झोंका गया है। अस्पताल में घायल कन्हैया का उपचार कर रहे डॉ. शिवम कुमार ने बताया कि देर रात गनशॉट इंजरी का मामला उनके पास आया था और परिजन छत से मिली बुलेट भी साथ लेकर पहुंचे थे।

डॉ. शिवम ने बताया कि गोली गर्दन के बाहरी हिस्से को छूकर निकली थी। तत्काल एक्स-रे करवाया गया ताकि यह तस्दीक हो सके कि गोली का कोई छर्रा या टुकड़ा शरीर के अंदर तो नहीं फंसा है। रिपोर्ट के अनुसार शरीर के भीतर कोई बुलेट नहीं मिली है। मरीज को आवश्यक इंजेक्शन व फ्लूइड्स दे दिए गए हैं और फिलहाल उसकी हालत पूरी तरह स्थिर और खतरे से बाहर है।

एक्सीडेंटल फायर या सुनियोजित हमला? थाना डाबा पुलिस जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही थाना डाबा की पुलिस हरकत में आ गई है और पीड़ित के बयानों के आधार पर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छत से बरामद बुलेट को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या यह किसी समारोह या छत पर की जा रही हर्ष फायरिंग (हवाई फायर) की भटकी हुई गोली थी या फिर रंजिश के तहत निशाना साधकर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस का कहना है कि नामजद संदिग्ध युवक से भी पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होते ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!