Edited By Kamini,Updated: 22 Sep, 2026 11:13 AM

थाना सदर के अधीन गांव की रहने वाली चंडीगढ़ से लौटी युवती को रास्ते घेरकर गांव के ही 4 युवकों ने गैंग रेप किया।
पठानकोट (हरजिंदर गोराया/आदित्य) : थाना सदर के अधीन गांव की रहने वाली चंडीगढ़ से लौटी युवती को रास्ते घेरकर गांव के ही 4 युवकों ने गैंग रेप किया। इससे पहले आरोपियों ने युवती से मारपीट की और पुराने झगड़े के दौरान बनाई वीडियो को लेकर फब्तियां कसते हुए गैंग रेप किया। घटना रविवार दोपहर 3 बजे के आसपास की है। जहां गांव से कुछ दूरी पर आरोपियों ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चारों युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एस.एस.पी मनप्रीत सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच जारी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि वह 20 सितम्बर को चंडीगढ़ से वापस लौटी। मलिकपुर उतरने के बाद उसने भाई को फोन किया, लेकिन भाई के व्यस्त होने से वह पैदल गांव की तरफ चलने लगी। गांव के रास्ते पर 2 बाइकों पर सवार 4 युवक पीछे से आए और उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गई, फिर आरोपियों ने उसके बाल पकड़े, कपड़े फाड़ दिए और मारपीट करते हुए गैंग रेप किया।
पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन पटककर तोड़ दिया और तंज कसते हुए कहा ‘तैनूं बहुत शौक है ना सबूत इकट्ठे करन दा और वीडियो बनाने दा, अब बना वीडियो’। पीड़िता की मां ने बताया कि करीब 1 महीने पहले आरोपियों ने उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया था। दुकान निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी 20-25 गुंडों को लेकर आए थे और उनकी पुरानी दुकानें तोड़ दी थीं। उस दौरान आरोपियों ने उस पर, पति, भाई व मामा के सिर पर गंभीर वार किए थे, जिससे वे लहूलुहान हो गए थे। उस दौरान पीड़िता ने अपने फोन से आरोपियों की गुंडागर्दी का वीडियो बना लिया था, जिससे आरोपी उससे रंजिश रख रहे थे और उसे निशाना बनाने की ताक में थे। मां ने रोते हुए कहा अगर पुलिस ने महीने पहले हुई मारपीट के समय आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की होती तो आज मेरी बेटी के साथ यह हैवानियत न होती।
दूसरी ओर पीड़िता के बयानों पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले 4 युवकों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की है। आरोपियों की पहचान विशाल, गगन, रंजीत और दक्ष को तौर पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर फॉरैंसिक साइंस लैब की टीमों को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। पीड़िता का मैडीकल परीक्षण करवाया जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here