Edited By Vatika,Updated: 11 Jun, 2026 12:43 PM

जालंधर के नैशनल आई केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर पीयूष सूद की पत्नी डॉ. मीनाक्षी की संदिग्ध मौत के बाद एक
पंजाब डेस्कः जालंधर के नैशनल आई केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर पीयूष सूद की पत्नी डॉ. मीनाक्षी की संदिग्ध मौत के बाद एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल हो रहे वीडियो में डॉक्टर पीयूष सूद अस्पताल की नर्स के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि डॉ. पीयूष के अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ अवैध संबंध थे। जब उनकी बेटी को इस बात का शक हुआ तो उसने अस्पताल के सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली। परिजनों का दावा है कि फुटेज में डॉ. पीयूष और उक्त महिला के बीच नजदीकियों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि यह फुटेज पुलिस को भी सौंप दी गई है।
क्या है मामला
बता दें कि बुधवार को डॉ. मीनाक्षी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के परिजनों ने डॉ. पीयूष पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। मृतका के पिता प्रमोद ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अक्तूबर 2018 में डॉ. पीयूष के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद उनकी बेटी ने थार गाड़ी खरीदी थी, जिसकी किस्तें वह अपनी सैलरी से भरती थी। इसके अलावा डॉ. पीयूष ने उनकी बेटी के नाम पर करीब अढ़ाई करोड़ रुपए का लोन भी ले रखा था। हाल ही में जब उनकी बेटी मकान खरीदने के लिए बैंक गई तो उसे इस लोन की जानकारी मिली। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनके दामाद के अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स के साथ अवैध संबंध थे। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद रहता था। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ मारपीट भी की जाती थी। कई बार डॉ. पीयूष मारपीट करने के बाद फोन कर अपनी गलती स्वीकार करता था। परिजनों ने कहा कि फिलहाल इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, लेकिन उन्हें संदेह है कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या। उन्होंने मांग की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उठाया कदम
पिता ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. पीयूष पहले भी उनकी बेटी का गला घोंटकर जान लेने की कोशिश कर चुका था। हालांकि, एक पिता होने के नाते वह अपनी बेटी का घर बसाना चाहते थे, इसलिए हर बार समझौता करवाने का प्रयास करते रहे। परिजनों के अनुसार लगातार मारपीट और घरेलू विवादों से परेशान होकर डॉ. मीनाक्षी जुलाई 2025 से अपने पति से अलग रह रही थीं। वह अब नया मकान खरीदकर अलग जीवन शुरू करने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें अपने नाम पर चल रहे करीब अढ़ाई करोड़ रुपए के लोन का पता चला, जिससे वह काफी परेशान हो गई थीं। परिजनों का दावा है कि लोन संबंधी दस्तावेजों पर उनकी बेटी के हस्ताक्षर भी नहीं थे। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी अब डॉ. पीयूष से तलाक लेना चाहती थी और इस संबंध में परिवार के साथ चर्चा भी चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर डॉ. पीयूष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और परिवार को न्याय दिलाया जाए। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।