Edited By Vatika,Updated: 16 Sep, 2026 10:04 AM

शहर के लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में देर रात एक बिस्कुट और नमकीन फैक्टरी में
जालंधर(सोनू): शहर के लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में देर रात एक बिस्कुट और नमकीन फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्टरी से ऊंची लपटें और धुआं निकलने लगा। फैक्टरी के ऊपर ही मालिक का परिवार रहता था, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना रात करीब 11 बजे की है। फैक्टरी मालिक तुलसी राम के अनुसार, वह परिवार के साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान नीचे से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं, तुरंत उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 3 फायर टेंडरों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें बाहर तक दिखाई देने के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
फैक्टरी मालिक ने बताया कि आग के कारण फैक्टरी में रखा लाखों रुपये का स्टॉक जलकर राख हो गया। फिलहाल आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन फैक्टरी मालिक द्वारा किया जाएगा।