Edited By Vatika,Updated: 07 Mar, 2026 09:16 AM

एक नामी कंपनी के चल रहे काम को जबरन रुकवाने के लिए दर्जनों हमलावरों ने वर्करों पर डंडों
लुधियाना (राज): एक नामी कंपनी के चल रहे काम को जबरन रुकवाने के लिए दर्जनों हमलावरों ने वर्करों पर डंडों और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। मामला सतलुज दरिया के पास छोहले वाली जमीन (सीड्स फार्म के निकट हडवा रोड़ी) का है, जहां कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और मजदूरों को सरेआम पीटा गया और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। थाना लाडोवाल की पुलिस ने इस मामले में सुखविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, दलबीर सिंह नामजद आरोपियों सहित करीब 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वारदात की जानकारी देते हुए कंपनी के कर्मचारी सुरजीत सिंह ने बताया कि 6 मार्च को वह कंपनी की दूसरी साइट तलवंडी कलां में काम कर रहा था। तभी उसे डायरेक्टर प्रोजेक्ट मैनेजर (DPM) का फोन आया कि सीड्स फार्म के पास चल रहे जमीन के काम को कुछ लोगों ने जबरन बंद करवा दिया है। जब वह तुरंत मौके पर पहुंचा, तो देखा कि आरोपी सुखविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, दलबीर सिंह अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ वहां मौजूद थे। आरोप है कि ये सभी हाथों में डंडे लिए हुए थे और कंपनी के वर्करों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने बीच-बचाव करने और आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर भी धावा बोल दिया। आरोपियों ने उसे और उसके साथियों को बुरी तरह पीटा और वहां से भाग जाने की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि यह हमला प्रोजेक्ट के काम में अड़ंगा डालने और दहशत फैलाने की नीयत से किया गया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।