अमृतसर में अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा, एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट होंगे सील!

Edited By Urmila,Updated: 03 Jun, 2026 01:33 PM

alert in amritsar security agencies punjab police

घल्लूघारा दिवस को लेकर जहां गर्म ख्याली सिख संगठन अपनी तैयारियां पूरी कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अमृतसर में अलर्ट जारी किया गया है।

अमृतसर (संजीव) : घल्लूघारा दिवस को लेकर जहां गर्म ख्याली सिख संगठन अपनी तैयारियां पूरी कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अमृतसर में अलर्ट जारी किया गया है। एक तरफ देश की सुरक्षा एजैंसियां अपनी कमान संभाले हुए हैं वहीं दूसरी ओर पुलिस कमिश्नर द्वारा अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर सुरक्षा की रणनीति बनाई गई है। भंडारी पुल से लेकर गलियारा क्षेत्र तक पुलिस बल के साथ ब्लैक कैट कमांडो की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। राऊंड द क्लॉक शहर के चप्पे-चप्पे पर नाके लगाए जा रहे हैं। नाका पार्टियों को बिना चैकिंग के किसी भी गाड़ी को न छोड़ने की हिदायत दी गई है।

6 जून को होने वाले घल्लूघारा दिवस से पहले पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जिले के सभी उच्चाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग की और किसी भी अप्रिय घटना के अंदेशे पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट हो जाएंगे सील

घल्लूघारा दिवस से पहले अमृतसर के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंटों को पूरी तरह से सील किया जाएगा। किसी भी वाहन एवं व्यक्ति को बिना चैकिंग छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्र में नाके लगा गाड़ियों की चैकिंग करने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति एवं गुंडा तत्व को तुरंत हिरासत में लेने के निर्देश हैं।

गलियारा क्षेत्र में निकाला गया फ्लैग मार्च

शहर के तंग बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पब्लिक के मनोबल को बढ़ाने के लिए पुलिस तंग गलियों में भी अपनी हाजरी दर्ज करवा रही है। पुलिस द्वारा हर शहरवासियों से भी अपील की गई है कि अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि उस पर ठोस कार्रवाई की जा सके।

हिस्ट्रीशीटर पर रखी जा रही नजर

शहर के सभी हिस्ट्रीशीटरों पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए है ताकि कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास न करे। शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है, किसी भी व्यक्ति को कानून तोड़ने की इजाजत नहीं है। अगर कोई भी व्यक्ति कानून की उल्लंघना करता है तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश हैं।

बाहर से आने वाले यात्रियों से पूरा सहयोग कर रही पुलिस

अमृतसर में धार्मिक स्थलों के दर्शन करने वाले यात्रियों के साथ भी पुलिस द्वारा खासा सहयोग किया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए पुलिस उन्हें रास्तों के साथ-साथ किस तरह से धार्मिक स्थल पर पहुंचना है इसके बारे में भी जानकारी दे रही है।

सार्वजनिक स्थलों पर बिठाया गया कड़ा पहरा

शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ धार्मिक स्थानों के बाहर कड़ा पहरा बिठाया गया है ताकि कोई भी शरारती तत्व किसी तरह की भी शरारत न कर सके। धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ भी पुलिस लगातार संपर्क में है और उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए सहयोग दिया जा रहा है।

क्या कहना है पुलिस कमिश्नर का

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर का कहना है कि घल्लूघारा सप्ताह को देखते हुए सुरक्षा के प्रबंध चाक चौबंद किए गए हैं। जिस संबंध में पुलिस लगातार शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ भी बैठक कर रही है। केंद्रीय शस्त्र पुलिस बल सी.ए.पी.एफ. की कंपनी अभी अमृतसर पहुंच चुकी है और उन्हें शहर के बाहरी इलाकों के साथ-साथ नाकों पर तैनात किया गया है। एक तरफ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल शहर की सुरक्षा में तैनात है वहीं पंजाब पुलिस के करीब 2500 मुलाजिम ड्यूटी निभा रहे हैं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!