Edited By Vatika,Updated: 09 Feb, 2026 04:02 PM

पुलिस महानिदेशक द्वारा राज्य भर में शुरू किए गए 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' को धरातल पर मजबूत
लुधियाना(राज): पुलिस महानिदेशक द्वारा राज्य भर में शुरू किए गए 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' को धरातल पर मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में आज आईजी (प्रोविजनिंग) एस. भूपति विशेष रूप से लुधियाना पहुंचे। उन्होंने यहां पुलिस अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की और जिले में चल रहे ऑपरेशनों का जायजा लिया।
बैठक के दौरान आईजी एस. भूपति ने स्पष्ट किया कि 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' का मुख्य उद्देश्य नशे के सौदागरों और गैंगस्टरों की कमर तोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसिंग सिर्फ कागजों या सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि मैदान में नजर आनी चाहिए। आईजी ने कहा कि शहर के संवेदनशील इलाकों में 'विजिबल पुलिसिंग' यानी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए, अचानक चेकिंग की जाए और प्रभावी नाकाबंदी के जरिए अपराधियों के हौसले पस्त किए जाएं।
आईजी ने सख्त लहजे में कहा कि नशा तस्करों, समाज विरोधी तत्वों और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को 'इंटेलिजेंस बेस्ड' ऑपरेशन चलाने और पेशेवर तरीके से कानून का शिकंजा कसने के आदेश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि वरिष्ठ अधिकारी खुद इन ऑपरेशनों की निगरानी करें ताकि लुधियाना के नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।