नशेड़ियों के 'अड्डे' पर जनता का 'सर्जिकल स्ट्राइक': पुलिस की सुस्ती देख भड़के लोग, रंगे हाथों दबोचे नशे के सौदागर

Edited By Vatika,Updated: 07 Apr, 2026 09:21 AM

ludhiana drugs news

नशा तस्करों और नशेड़ियों के खिलाफ अब जनता का गुस्सा फूटने लगा है।

लुधियाना (राज): नशा तस्करों और नशेड़ियों के खिलाफ अब जनता का गुस्सा फूटने लगा है। थाना टिब्बा के अंतर्गत आती संधू कॉलोनी में सोमवार देर रात जब मोहल्ले के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय खुद ही कमान संभाल ली। इलाके में स्थित एक सुनसान खंडहर, जो लंबे समय से नशेड़ियों की महफिल का केंद्र बना हुआ था, वहां पब्लिक ने 'रेड' कर दी। इस दौरान दो युवकों को नशे के इंजेक्शन और भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों दबोचा गया है।

नसों में नशे के इंजेक्शन उतार रहे थे आरोपी
हैरानी की बात यह है कि जब मोहल्ले के लोग खंडहर के भीतर दाखिल हुए, तो नजारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था। दोनों आरोपी एक-दूसरे की नसों में नशे के इंजेक्शन उतार रहे थे। जैसे ही लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू किया, तो 'मौत का सामान' बांटने वाले ये युवक अपना चेहरा छुपाने लगे। तलाशी के दौरान आरोपियों के थैले और जेबों से नशे के पैकेट, सिल्वर पेपर और सीरिंज बरामद हुई। हालांकि, पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने बड़ी चतुराई से नशे के थैले को लावारिस बताने की कोशिश की, लेकिन पब्लिक की पैनी नजरों के सामने उनकी एक न चली।

मोहल्ले के युवाओं और बुजुर्गों ने खुद लगाया ट्रैप
इलाका निवासियों का आरोप है कि इस संबंधी कई बार पुलिस को सूचना दी गई और शिकायतें भी दर्ज करवाई गईं, लेकिन खाकी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस की इसी सुस्ती से परेशान होकर आखिर मोहल्ले के युवाओं और बुजुर्गों ने खुद ट्रैप लगाया। सोमवार रात जैसे ही ये दोनों संदिग्ध खंडहर में दाखिल हुए, लोगों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया और बाद में सामान समेत थाना टिब्बा पुलिस के हवाले कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अगर अब भी पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वे मामले को उच्च अधिकारियों के दरबार में ले जाएंगे। फिलहाल थाना टिब्बा की पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!