Edited By Kalash,Updated: 28 Mar, 2026 04:36 PM

सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले गरीब मरीजों और उनके तीमारदारों पर अब चोरों की टेढ़ी नजर है।
लुधियाना (राज): सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले गरीब मरीजों और उनके तीमारदारों पर अब चोरों की टेढ़ी नजर है। लुधियाना के सिविल अस्पताल से एक ऐसी शर्मनाक वारदात सामने आई है, जहां एक शातिर चोर ने मानवता को ताक पर रखकर उन लोगों के मोबाइल पार कर दिए जो अपनों के इलाज की फिक्र में अस्पताल के बरामदों और वार्डों में सो रहे थे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और तीसरी आंख (CCTV) की मदद से आरोपी अब पुलिस के शिकंजे में है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ आए उनके रिश्तेदार रात के समय थके-हारे सो रहे थे। इसी सन्नाटे का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात युवक दबे पांव आया और सो रहे तीमारदारों की जेबों और सिरहाने रखे मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया। सुबह जब लोगों की आंख खुली और मोबाइल गायब मिले, तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस चौकी में दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बड़ी सफाई से सोए हुए लोगों के पास जाकर मोबाइल चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा था। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने मोबाइल चोरी किए हैं और क्या इस गैंग में उसके साथ कोई और भी शामिल है। सिविल अस्पताल में सुरक्षा के दावों के बीच हुई इस वारदात ने अस्पताल प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here