Edited By Vatika,Updated: 09 Apr, 2026 09:33 AM

हैबोवाल के न्यू अमन विहार इलाके में एक घर के भीतर पिछले कई दिनों से चल रहे चोरी
लुधियाना(राज): हैबोवाल के न्यू अमन विहार इलाके में एक घर के भीतर पिछले कई दिनों से चल रहे चोरी के खेल का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। घर चोरी करने वाली कोई और नहीं, बल्कि वही नौकरानी निकली जिस पर परिवार आंख मूंदकर भरोसा करता था। मालिक ने अपनी पैंट की जेब से हाथ साफ करते हुए नौकरानी को रंगे हाथों दबोच लिया, जिसके बाद उसे थाना हैवोवाल पुलिस के हवाले कर दिया।
घर से गायब हो रही नकदी को लेकर परेशान था परिवार
न्यू अमन विहार (प्रीतम नगर) के निवासी नरेश कुमार पिछले काफी समय से घर से गायब हो रही नकदी को लेकर परेशान थे। उन्हें शक तो था, लेकिन सबूत के अभाव में वे चुप थे। बुधवार 8 अप्रैल को जब नौकरानी मोहिनी काम पर पहुंची, तो नरेश कुमार ने उसे बिना बताए उस पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी। जैसे ही मोहिनी ने मौका पाकर कमरे में खूंटी पर टंगी नरेश की पैंट के पर्स से 3000 रुपए निकाले, वैसे ही घात लगाकर बैठे नरेश ने उसे दबोच लिया। इसके बाद जब नरेश की पत्नी किरण ने महिला की तलाशी ली, तो चोरी किए गए 3000 रुपए बरामद हो गए। पकड़े जाने के बाद जब परिवार ने मोहिनी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जो सच उबला उसे सुनकर परिवार के होश उड़ गए।
आरोपी नौकरानी के खिलाफ मामला दर्ज
मोहिनी ने कबूल किया कि वह पिछले दो महीनों से लगातार इसी तरह छोटी-मोटी रकम चोरी कर रही थी। हैरानी की बात यह है कि वह पिछले एक साल से इस घर में साफ-सफाई का काम कर रही थी और परिवार का उस पर अटूट विश्वास था। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर थाना हैबोवाल की पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी महिला मोहिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।