Edited By Kamini,Updated: 23 Apr, 2026 12:43 PM

महानगर जालंधर व आसपास के इलाकों में दोपहर के समय अधिकतम तापमान में 2 डिग्री के करीब बढ़ौतरी दर्ज हुई है।
जालंधर (पुनीत): महानगर जालंधर व आसपास के इलाकों में दोपहर के समय अधिकतम तापमान में 2 डिग्री के करीब बढ़ौतरी दर्ज हुई है। इसके चलते गर्मी का जोर दिखाई दिया है और गत रोज के मुकाबले सड़कों पर आवागमन भी कम रहा। पंजाब का अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है जोकि फरीदकोट में रिकार्ड किया गया है। वहीं महानगर जालंधर में 40 डिग्री अधिकतम तापमान से हाल बेहाल हो रहा है जबकि दोपहर का एवरेज तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा 24-25 अप्रैल को हीट वेव (गर्म हवाओं) व 26-27 अप्रैल को आंधी-तूफान का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक महानगर जालंधर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों में आंधी-तूफान परेशानी का कारण बन सकता है, जिससे जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, बढ़ रही गर्मी के चलते बिजली की मांग में एकाएक बढ़ौतरी हुई है और कई इलाकों में लगने वाले बिजली कटों की वजह से जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली खराबी के मामले पिछले दिनों में लगातार बढ़ते हुए नजर आ रहे है और आने वाले दिनों में यह समस्या गहराने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जानकारों का कहना है कि एसी का उपयोग बढ़ने से बिजली की मांग में तेज बढ़ौतरी हुई है और आने वाले दिनों में बिजली की मांग और बढ़ने वाली है।
वहीं, बाजारों में ग्राहक संख्या बेहद कम रह चुकी है जबकि दोपहर के समय बाजारों में बंद जैसा माहौल नजर आ रहा है। ग्राहक शाम 6 बजे के बाद ही घरों से बाहर निकल रहे है जबकि दोपहर के समय लोगों द्वारा खरीददारी बेहद कम कर दी गई है। इसी के चलते मुख्य बाजारों में कई दुकानदारों द्वारा दोपहर के समय आधे शटर बंद किए जा रहे हैं। ग्राहक न होने के कारण दुकानदार अंदर आराम करते हुए नजर आते हैं।
तीखी धूप से करें बचाव
तापमान में फिलहाल 2 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ौतरी होने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि सीधी तीखी धूप से बचाव करना चाहिए। हालात ऐसे बन रहे है कि धूप में खड़ा होना भी दुष्वार हो रहा है। ऐसे में लोग छाता लेकर यां मुंह ढंककर जाते हुए देखे जा सकते हैं। बढ़ रही गर्मी के बीच एहतियात अपनानी चाहिए और बच्चों को खासतौर पर बचाव करना चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here