कपूरथला चौक के निजी अस्पताल में 7 साल के बच्चे की मौ/त, परिजनों ने किया हंगामा

Edited By Urmila,Updated: 22 Sep, 2026 10:50 AM

uproar at a private hospital in kapurthala chowk

कपूरथला चौक के पास स्थित सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जालंधर: कपूरथला चौक के पास स्थित सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताते हुए गंभीर आरोप लगाए और अस्पताल के बाहर इंसाफ की मांग को लेकर बैठ गए।

जानकारी के अनुसार, बच्चा सोमवार को छत से गिरकर घायल हुआ था। सिर में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सत्यम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। परिवार का आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे लगातार अलग-अलग खर्चों के नाम पर पैसे जमा करवाए जाते रहे, लेकिन बच्चे की हालत को लेकर उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती बच्चे से उन्हें काफी देर तक मिलने नहीं दिया गया। परिवार के सदस्य बच्चे को देखने के लिए अस्पताल स्टाफ से आग्रह करते रहे, लेकिन उन्हें अलग-अलग समय बताकर इंतजार करवाया जाता रहा। इसी दौरान परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने बच्चे के बारे में जानकारी लेने के लिए अंदर जाने का प्रयास किया।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल की सुरक्षा में तैनात बाउंसरों और गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की और इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में बच्चे के चाचा किसी तरह अंदर पहुंचे तो उन्हें बच्चे की मौत होने की जानकारी मिली।

मृतक के पिता शमशेर ने आरोप लगाया कि यदि परिवार को बच्चे की गंभीर हालत के बारे में पहले ही बता दिया जाता तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल में ले जाने का फैसला कर सकते थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर बच्चे की मौत की जानकारी परिजनों से छिपाने और इलाज के नाम पर पैसे लेते रहने के आरोप भी लगाए।

परिजनों के मुताबिक, बच्चा परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अस्पताल के बाहर मामले की निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

हंगामे की सूचना मिलने पर 112 के जरिए पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मौजूद दोनों पक्षों से बातचीत की। थाना प्रभारी अनु के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक कार्तिक के शव को थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस सिविल अस्पताल में लेकर चली गई। दूसरी तरफ मृतक के पिता जोकि राज मिस्त्री का काम करते हैं, उनकी भी करीब 1 महीने पहले काम करने के दौरान छत से गिरने के कारण पैर में फ्रैक्चर हो गया था, परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!