Edited By Kamini,Updated: 22 Sep, 2026 11:24 AM

पवित्र निहंग बाणे की आड़ लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निहंग जत्थेबंदियों ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।
लुधियाना (राज): पवित्र निहंग बाणे की आड़ लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निहंग जत्थेबंदियों ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। महानगर के राम नगर इलाके में एक दुकान से करीब 35 हजार रुपये की नकदी चोरी करने वाले एक शातिर युवक को बाबा कुलदीप सिंह ने अपने सहयोगियों की मदद से धर दबोचा। आरोपी कुछ दिन पहले निहंग का बाणा पहनकर दुकान में चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी। पकड़े जाने के बाद बाबा कुलदीप सिंह व उनके साथियों ने आरोपी की जमकर खबर ली और उससे निहंग बाणा उतरवाकर उसके पास मौजूद सभी शस्त्र अपने कब्जे में ले लिए।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले राम नगर इलाके की एक दुकान से 35 हजार रुपये चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जब वायरल हुई, तो उसमें निहंग सिंहों के बाणे में एक युवक गल्ले से नकदी उड़ाता साफ दिखाई दिया। इस वीडियो के सामने आते ही निहंग जत्थेबंदियों में भारी रोष फैल गया। बाबा कुलदीप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने साथियों की विशेष टीमें गठित कीं और आरोपी का सुराग लगाने के लिए इलाके में जाल बिछा दिया। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को पहचान कर काबू कर लिया गया।
'नशेड़ी लोग बाणे की आड़ लेकर कर रहे हैं समाज को बदनाम': बाबा कुलदीप सिंह
आरोपी को काबू करने के बाद बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि कुछ नशेड़ी और असामाजिक तत्व निहंग बाणा पहनकर चोरी, छिनैती जैसी ओछी हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि ऐसे चंद तत्वों की वजह से पूरे निहंग समाज और गौरवमयी इतिहास की छवि धूमिल होती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे ढोंगी अपराधियों की पहचान करने के लिए उन्होंने अपने स्तर पर विशेष टीमें तैनात की हैं। बाबा कुलदीप सिंह ने समूह सिख जत्थेबंदियों से अपील की कि वे ऐसे शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखें। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक वस्त्र व शस्त्र बेचने वाले दुकानदारों को भी दो टूक हिदायत दी कि वे बिना लाइसेंस या किसी मान्यता प्राप्त जत्थेबंदी की आधिकारिक चिट्ठी देखे किसी भी अनजान व्यक्ति को निहंग बाणा व शस्त्र कतई न बेचें।
आरोपी ने कबूला गुनाह: भामियां के अनमोल संग मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पकड़े जाने के बाद जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने राम नगर स्थित दुकान में हुई चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने दुकान से 35 हजार रुपये की नकदी चुराई थी। इस वारदात में उसका एक अन्य साथी अनमोल भी शामिल था, जो भामियां इलाके का रहने वाला है। पकड़े गए युवक ने बताया कि उसने चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये अपने साथी अनमोल को दिए थे, जबकि बाकी बची रकम उसने अपने निजी खर्चों और नशे में उड़ा दी।
शस्त्र और बाणा कब्जे में लिया, दी आखिरी चेतावनी
बाबा कुलदीप सिंह ने बताया कि जिस दुकानदार के यहां चोरी हुई थी, उसका परिवार भारी आर्थिक परेशानी और तनाव के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि मर्यादा की रक्षा करते हुए आरोपी का बाणा तुरंत उतरवा दिया गया है और उसके पास से तमाम शस्त्र जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने आरोपी को सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उसने दोबारा निहंग बाणा पहनकर किसी भी प्रकार का अपराध या समाज विरोधी गतिविधि करने की जुर्रत की, तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here