Ludhiana: केसरगंज मंडी में चोरी की बड़ी वारदात, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Edited By Kamini,Updated: 25 Aug, 2026 06:08 PM

theft at kesarganj mandi

महानगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र केसरगंज मंडी की मिर्च वाली गली में बेखौफ चोरों ने 'जुनेजा ट्रेडर्स' नामक करियाना/मसाला दुकान को अपना निशाना बनाया।

लुधियाना (राज): महानगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र केसरगंज मंडी की मिर्च वाली गली में बेखौफ चोरों ने 'जुनेजा ट्रेडर्स' नामक करियाना/मसाला दुकान को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर दुकान के साथ सटी बंद पड़ी बिल्डिंग का ताला तोड़कर अंदर घुसे और फिर रोशनदान काटकर दुकान के भीतर दाखिल हो गए। करीब आधा घंटा दुकान के भीतर रहकर चोरों ने गल्ले व अलमारी के ताले तोड़े और 12 हजार रुपये नकदी व करीब 5 किलो कीमती छोटी इलायची चुराकर छतों के रास्ते फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकानदार अजय ने बताया कि वारदात देर रात करीब 2:30 बजे की है। दुकान से साथ लगती एक बंद पड़ी इमारत में 2 चोर पहुंचे। आरोपियों ने पहले उस बिल्डिंग का ताला तोड़ा और छत/ऊपरी हिस्से में पहुंचकर जुनेजा ट्रेडर्स का रोशनदान काट दिया। इसके बाद चोर रस्सी या सहारे से दुकान के अंदर दाखिल हो गए। दुकान के अंदर दाखिल होते ही चोरों ने काउंटर पर रखे गल्ले और अलमारी के ताले तोड़ डाले। चोरों ने गल्ले में रखी करीब 12 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और दुकान में रखी करीब 5 किलो कीमती छोटी इलायची समेट ली। लगभग आधा घंटा दुकान के भीतर रुककर चोरों ने पूरा सामान खंगाला और सारा सामान बिखेर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों चोर सीढ़ियों का दरवाजा खोलकर ऊपरी छत पर पहुंचे और आसपास की इमारतों की छतों के रास्ते से आसानी से भाग निकले।

पीड़ित का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों का आतंक बढ़ गया है और नशे की लत पूरी करने के लिए ही दुकानों के ताले तोड़े जा रहे हैं। व्यापारियों ने इलाके में रात के समय पुलिस पीसीआर की गश्त बढ़ाने और संदिग्ध किरायेदारों की जांच की मांग की है। सुबह जब दुकान खोलने पर चोरी की वारदात का पता चला, तो तुरंत थाना कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुकान और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि रात के समय छतों या गलियों में दिखे संदिग्धों की पहचान कर चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!