Edited By Kamini,Updated: 12 Mar, 2026 03:56 PM

सिख युवक को कनाडा में वाटेंड घोषित करने का मामला सामने आया है।
पंजाब डेस्क : सिख युवक को कनाडा में वाटेंड घोषित करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, कनाडा में पंजाबी मूल के एक सिख युवक ने नकली वकील बनकर लोगों को कनाडा में वीजा दिलाने के नाम पर बहुत बड़ी धोखाधड़ी की है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी अंडरग्राउंड हो गया है। अब कनाडा की किचनर पुलिस उसे ढूंढ रही है। पुलिस ने आरोपी की पहचान हरशरण सिंह अहलूवालिया (34 साल के) के रूप में की है। पुलिस ने उसके खिलाफ वारंट जारी कर उसे 'वांटेड' घोषित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी हरशरण सिंह ने खुद को प्रोफेशनल इमिग्रेशन वकील बताकर लोगों को वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगे हैं। हरशरण अहलूवालिया ने लोगों का भरोसा जीतने के लिए खुद को ओंटारियो का रजिस्टर्ड वकील बताया। वह वीजा प्रोसेसिंग और लीगल फीस के नाम पर पीड़ितों से 5,000 कैनेडियन डॉलर लेता था। जांच में पता चला है कि पैसे लेने के बावजूद उसने सरकारी पोर्टल पर कोई वीजा एप्लीकेशन फाइल नहीं की थी।
कनाडा के ओंटारियो प्रांत में पुलिस ने फर्जी वकील बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। वाटरलू रीजनल पुलिस ने हरशरण अहलूवालिया पर धोखाधड़ी और झूठी पहचान इस्तेमाल करने सहित 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आधिकारिक वारंट (WA26025089) भी जारी किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किचनर (ओंटारियो) का निवासी है और उसके पास कनाडाई पासपोर्ट है। हालांकि वह किसी भी कानूनी संस्था में पंजीकृत वकील नहीं है, लेकिन वह कानूनी शब्दावली का इस्तेमाल कर लोगों को भरोसे में लेकर उन्हें ठगता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी एक बार में बड़ी रकम मांगने की बजाय ‘प्रोसेस चल रहा है’ का हवाला देकर पीड़ितों से महीनों तक किस्तों में पैसे वसूलता था। पुलिस को शक है कि मार्च 2025 से जनवरी 2026 के बीच उसने कई और लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। वाटरलू रीजनल पुलिस ने आरोपी की तस्वीर भी जारी की है और लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास उसके बारे में कोई जानकारी है या कोई अन्य व्यक्ति उसकी ठगी का शिकार हुआ है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here