Edited By Kalash,Updated: 22 Mar, 2026 10:14 AM

महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब राहगीरों का सरेआम सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है।
लुधियाना (राज): महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब राहगीरों का सरेआम सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है। ताजा मामला शेरपुर पुल के ऊपर से सामने आया है, जहां मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों को तीन अज्ञात लुटेरों ने अपना शिकार बनाया। लुटेरों ने न केवल हथियारों के बल पर लूटपाट की, बल्कि विरोध करने पर हमला कर घायल भी कर दिया।
शिकायतकर्ता संजीत कुमार ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती 17 मार्च को वह अपने दोस्त राम सिंह के साथ अपने काले रंग के स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर शिव चौक की ओर जा रहा था। जैसे ही वे शेरपुर पुल के ऊपर पहुंचे, पीछे से एक एक्टिवा पर सवार तीन अज्ञात युवक आए। लुटेरों ने बड़ी चालाकी से अपनी एक्टिवा पीड़ित की मोटरसाइकिल के आगे लगा दी और उन्हें रुकने पर मजबूर कर दिया। वारदात के दौरान लुटेरों ने दहशत फैलाने के लिए तेजधार हथियार 'दातर' निकाल लिया।
लुटेरों ने शिकायतकर्ता की बाजू पर दातर से जोरदार हमला किया और उसे जख्मी कर दिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित का मोटरसाइकिल और उसके दोस्त राम सिंह का 'वीवो' कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर शिव चौक की तरफ फरार हो गए। पीड़ितों के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here