Edited By Kamini,Updated: 28 Mar, 2026 05:40 PM

श्री आनंदपुर साहिब पुलिस ने एक स्थानीय होटल पर छापा मारकर देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
रूपनगर/श्री आनंदपुर साहिब (विजय) : श्री आनंदपुर साहिब पुलिस ने एक स्थानीय होटल पर छापा मारकर देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस रैकेट में शामिल होटल मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पैक्टर दानिशवीर सिंह ने बताया कि रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनिंदर सिंह आईपीएस के निर्देशों और उप पुलिस अधीक्षक, उपमंडल श्री आनंदपुर साहिब जशनदीप सिंह पी.सी.एस. के नेतृत्व में, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने श्री आनंदपुर साहिब-नंगल मुख्य मार्ग पर अगमपुर चौक के पास स्थित ‘होटल मेपल वैली’ में छापा मारा। इस छापेमारी के दौरान, होटल के 2 अलग-अलग कमरों से 6 महिलाओं को बरामद किया गया। होटल मेपल वैली के मालिक दीपक (पुत्र रामपाल सिंह, निवासी गांव विचोला दुकी, थाना बिलारी, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश; वर्तमान निवासी होटल मेपल वैली, अगमपुर चौक, श्री आनंदपुर साहिब) और उसके सहायक बलजीत सिंह (पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव दयालपुरा, थाना जीरकपुर) के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लिया जाएगा। यह भी उल्लेखनीय है कि कुछ सप्ताह पहले भी, पुलिस ने 'कोलां वाला टोबा' की ओर जाने वाली सडक़ पर स्थित एक होटल पर छापा मारकर वहां चल रहे देह व्यापार के धंधे को बंद करवाया था और होटल मालिक को गिरफ्तार किया था। जहां एक ओर स्थानीय लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं, वहीं उन्होंने पुलिस से यह भी मांग की है कि वे इसी तरह छापेमारी जारी रखें और इस पवित्र शहर की गरिमा व पवित्रता को बनाए रखें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here