Edited By Kamini,Updated: 13 Apr, 2026 01:39 PM

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोगों की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
लुधियाना (गणेश/सचिन) : प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोगों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लुधियाना के नूरवाला रोड पर इन दिनों सीवरेज पाइप डालने का काम तेज़ी से चल रहा है। पूरे इलाके में सड़क को खोदकर पानी और सीवरेज की पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिसके चलते रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
मौके पर प्रशासन द्वारा साफ तौर पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनमें वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद स्थानीय लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इसी बंद रास्ते से गुजरते नजर आ रहे हैं। सड़क पर गहरी खुदाई, मिट्टी के ढेर और अस्थायी रास्तों के कारण फिसलने और हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि कई लोग अपने छोटे बच्चों के साथ भी इसी रास्ते से निकल रहे हैं। काम के दौरान सड़क पूरी तरह से उखड़ी हुई है और कई जगहों पर केवल मिट्टी ही मिट्टी नजर आ रही है, जिससे पैदल चलना भी बेहद मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद लोग शॉर्टकट के चक्कर में खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं और खुद ही गिरने का रास्ता बना रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काम पूरा होने तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना ही सुरक्षित रहेगा, लेकिन कुछ लोग जल्दबाजी में नियमों को अनदेखा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से बार-बार चेतावनी दी जा रही है कि इस रास्ते का इस्तेमाल न करें और बताए गए डायवर्जन रूट का ही प्रयोग करें, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here