Ludhiana : “शराब का ठेका बंद करो”, “सरकार होश में आओ” जैसे नारों से गूंजा इलाका,  लोगों का उग्र प्रदर्शन

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Apr, 2026 05:42 PM

ludhiana people stage violent protest over liquor shop

पवेलियन मॉल के नजदीक और चर्च के बाहर शराब का ठेका खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। ठेका खुलने की खबर फैलते ही इलाके के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों...

लुधियाना ( गणेश/सचिन) : पवेलियन मॉल के नजदीक और चर्च के बाहर शराब का ठेका खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। ठेका खुलने की खबर फैलते ही इलाके के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ठेका तुरंत बंद करने की मांग उठाई।

मिली जानकारी के अनुसार, चब्बरा ग्रुप द्वारा यहां नया शराब का ठेका खोला जा रहा था, जो एक तरफ रिहायशी इलाके और दूसरी तरफ चर्च के बिल्कुल पास स्थित है। इस कारण लोगों में गहरी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थल के बाहर इस तरह का ठेका खोलना न केवल आस्था के खिलाफ है, बल्कि इससे इलाके का सामाजिक माहौल भी बिगड़ सकता है।

प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने खुलकर विरोध जताते हुए कहा कि इस रास्ते से रोजाना बच्चे, बुजुर्ग और परिवार गुजरते हैं, ऐसे में शराब का ठेका खुलना सुरक्षा और समाज दोनों के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत इस फैसले को वापस लेने की मांग की।

विरोध के दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके चलते एक साइड की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई, जबकि दूसरी ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी देर तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर “ठेका बंद करो”, “सरकार होश में आओ” और “धार्मिक स्थलों का सम्मान करो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही ठेका बंद नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
हालांकि, देर तक चले इस हंगामे के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है। लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर इलाके में शांति बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!