Edited By Subhash Kapoor,Updated: 18 Mar, 2026 09:14 PM

नज़दीकी पिंड जंड़ी में बीती रात एक किसान का अपने ही घर में सिर पर कुल्हाड़ी से हमला करके बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह, पुत्र जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो घटना के समय अपने घर में अकेले सो...
सिद्धवां बेट (चाहल) : नज़दीकी पिंड जंड़ी में बीती रात एक किसान का अपने ही घर में सिर पर कुल्हाड़ी से हमला करके बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह, पुत्र जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो घटना के समय अपने घर में अकेले सो रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हत्यारा घर के पिछले हिस्से में स्थित खाली प्लॉट की दीवार को तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और सोते हुए हरजिंदर सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना का पता तब चला, जब मृतक की पहली (स्वर्गवासी) पत्नी के कनाडा में रहने वाले पुत्र हरकमल सिंह ने अपने पिता का हाल जानने के लिए कई बार फोन किया। फोन ना उठाए जाने पर हरकमल ने चिंता व्यक्त करते हुए अपने ताए (मृतक के भाई) जगराज सिंह को सूचित किया।
जब जगराज सिंह ने दीवार को तोड़कर घर में जाकर देखा, तो हरजिंदर सिंह का शव बिस्तर पर पड़ा था और पास ही अलमारी का सामान और कागजात बिखरे हुए थे, जो किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहे थे। इसके बाद तुरंत सिद्धवां बेट थाना पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर डी.एस.पी. जसविंदर सिंह ढींढसा और थाना प्रमुख इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस पार्टी के साथ स्थिति का जायजा लिया।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस द्वारा हर दिशा से पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस टीमें घटनास्थल से अहम सुराग बारीकी से इकट्ठा कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सके। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने शक के आधार पर मृतक की दूसरी पत्नी और उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डी.एस.पी. जसविंदर सिंह ढींढसा का पक्ष:
मौके पर पहुंचे पुलिस डिवीजन जगराऊं के डी.एस.पी. जसविंदर सिंह ढींढसा ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि पुलिस इस अंधे कत्ल की बहुत ही बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं और जल्द ही इस वारदात के असली कारण और दोषी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
