Edited By Kalash,Updated: 28 May, 2026 11:26 AM

कबाड़ी मार्केट (मियां मार्केट) के पास जूम होटल रोड पर वीरवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां पड़े स्क्रैप के विशाल ढेर में अचानक भयानक आग लग गई।
लुधियाना (राज): कबाड़ी मार्केट (मियां मार्केट) के पास जूम होटल रोड पर वीरवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां पड़े स्क्रैप के विशाल ढेर में अचानक भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ऐसा विकराल रूप धारण कर लिया कि इसकी गगनचुंबी लपटें 20 से 25 फीट ऊपर तक उठने लगी। आग का तांडव इतना खौफनाक था कि इसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक और एक क्रेन को भी आग लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा वीरवार सुबह करीब 5:00 बजे लगा। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार और ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर इलाके में शोर मच गया। घबराए लोग तुरंत घरों से बाहर निकले और अपने स्तर पर पानी डाल कर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए, लेकिन सूखी लकड़ी और कबाड़ के सामान के कारण आग पलक झपकते ही चारों तरफ फैलती चली गई। चश्मदीद राहुल ने बताया कि सुबह-सुबह अचानक मार्केट में चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली। शुरुआती पलों में लोगों को लगा कि पास ही लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में कोई बड़ा ब्लास्ट हुआ है। लेकिन जब मौके पर पहुंचे, तो वहां पड़े कबाड़ के ढेर में आग सुलग रही थी। आग की तपिश और लपटें इतनी भयंकर थीं कि लोग उसके पास जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहे थे। आस-पास के लोगों में यह खौफ पैदा हो गया था कि स्क्रैप या ट्रांसफार्मर के भीतर कोई विस्फोटक सामग्री न हो, जो किसी बड़े धमाके के साथ पूरे मोहल्ले को अपनी चपेट में ले ले।
बढ़ते खतरे को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 से 5 गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत बैकअप मंगवाया गया और 10 से अधिक पानी के टैंकरों व विशेष वाहनों की मदद से चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू की गईं। फायर फाइटर्स ने अपनी जान हथेली पर रखकर करीब ढाई घंटे की कड़ी और भारी मशक्कत के बाद आखिरकार इस बेकाबू आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि यह हादसा सुबह तड़के हुआ, जिससे कोई जानी नुकसान (जनहानि) होने से बच गया। हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में क्रेन, ट्रक और लाखों रुपए का कीमती स्क्रैप जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मामले की बारीकी से जांच में जुट गई हैं कि कहीं इसके पीछे कोई शरारत तो नहीं थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here