Edited By Kalash,Updated: 08 Jun, 2022 12:41 PM

सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद पंजाबी गायक मनकीरत औलख विवादों में घिरे हुए हैं
चंडीगढ़ (ब्यूरो): सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद पंजाबी गायक मनकीरत औलख विवादों में घिरे हुए हैं। कई गैंगस्टरों की तरफ से सिद्धू मूसेवाला की मौत का बदला लेने की बात कही जा रही है, वहीं कुछ गैंगस्टर पोस्ट सांझी कर यह भी कह रहे हैं कि सिद्धू के कत्ल के पीछे मनकीरत औलख का भी हाथ है। इसी बीच कुछ समय पहले खबर आई थी कि मनकीरत औलख भारत छोड़ कर विदेश चले गए हैं।
अब इन विवादों पर मनकीरत औलख ने एक वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर सांझा की है। यह वीडियो मनकीरत औलख के एक शो की है, जहां सिद्धू मूसेवाला की मां भी नजर आ रही हैं। वीडियो की कैप्शन में मनकीरत औलख लिखते हैं, ‘‘वाहेगुरू जी का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह। मुझे कोई कितना भी बुरा बनाए और मीडिया चाहे कितनी भी फेक न्यूज सर्कुलेट करता जाए पर ईश्वर जानता मैं किसी मां से उसका पुत्र छीनने की बात तो दूर, यह सब सोच भी नहीं सकता। लगभग पिछले एक साल से मुझे धमकियां मिल रही हैं।’’
मनकीरत ने आगे लिखा, ‘‘इतने नाजुक माहौल में जिंदगी का एक-एक दिन व्यतीत करना दिमाग और शरीर के लिए कोई आसान बात नहीं है। यदि इतने नाजुक माहौल में मैंने अपने आप को एकांतवास किया तो इसमें गलत क्या है। मैं अपने समाज पर मीडिया को हाथ जोड़ कर एक अपील करता हूं कि किसी भी बात की तह तक जाए बिना किसी को गुनाहगार न बनाएं। अपने उस सच्चे परमात्मा से इंसाफ की उम्मीद रखें।’’

बता दें कि इस पोस्ट के द्वारा मनकीरत औलख ने यह खुलासा किया है कि उन्हे भी पिछले काफी समय से धमकियां मिल रही हैं। आज सिद्धू मूसेवाला का भोग और अंतिम अरदास है। इसकी एक तस्वीर भी मनकीरत औलख ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सांझा की है।