Edited By Vatika,Updated: 25 Mar, 2026 09:17 AM

रिश्तों की पवित्रता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक
लुधियाना(राज): रिश्तों की पवित्रता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने मंगेतर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में मुकर जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी अक्षय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 29 नवंबर 2025 को अक्षय नाम के युवक के साथ उसका रिश्ता पूरे हिंदू रीति-रिवाजों और रस्मों के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद होली के त्यौहार के बाद शादी की तारीख तय की जानी थी। पीड़िता के अनुसार, रिश्ता तय होने के करीब 1-2 महीने बाद आरोपी अक्षय ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और एक होटल में ले गया।
वहां आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि वह शादी की तैयारियों में जुटी थी, लेकिन होली से ठीक दो दिन पहले आरोपी अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया। उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे पीड़िता और उसके परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने केवल उसका शारीरिक शोषण करने के लिए शादी का नाटक रचा था और अब उसे बीच रास्ते में छोड़ दिया है।अब पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।