Edited By Vatika,Updated: 23 Apr, 2026 09:39 AM

एक तरफ जहां लोग अपनों की सलामती के लिए दुआएं मांग रहे होते हैं, वहीं दूसरी
लुधियाना (राज): एक तरफ जहां लोग अपनों की सलामती के लिए दुआएं मांग रहे होते हैं, वहीं दूसरी तरफ शातिर चोर अस्पतालों को अपना निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला डी.एम.सी. (DMC) अस्पताल से सामने आया है, जहां एक महिला के ऑपरेशन थिएटर के बाहर चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन को एक युवक ने बड़ी सफाई से चोरी कर लिया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे के ऑपरेशन के सिलसिले में आई थी अस्पताल
पुलिस को दिए बयान में अमरजीत कौर ने बताया कि वह अपने बेटे के ऑपरेशन के सिलसिले में अस्पताल में थी। 20 अप्रैल को वह अपने भतीजे आकाशदीप सिंह के साथ ऑपरेशन थिएटर के बाहर मौजूद थी। मोबाइल की बैटरी कम होने के कारण उसने फोन को थिएटर के बाहर लगे चार्जिंग पॉइंट पर लगा दिया। इसी दौरान वह कुछ समय के लिए बाथरूम चली गई और उसका भतीजा भी किसी काम से बाहर चला गया।
आरोपी चंदनदीप सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता ने बताया कि जब वह वापस लौटी तो उसका कीमती मोबाइल गायब था। उसने तुरंत वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। चश्मदीदों ने खुलासा किया कि चेक शर्ट पहने एक लड़के ने चार्जिंग से फोन निकाला और वहां से खिसक गया। जांच में पता चला कि फोन चोरी करने वाले युवक का नाम चंदनदीप सिंह है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच कर आरोपी चंदनदीप सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।