Edited By Vatika,Updated: 14 Jul, 2026 09:41 AM

पशुपालकों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
लुधियाना (राज): महानगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए और बेखौफ गुंडागर्दी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इलाके के पशुपालकों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यहाँ एक सोची-समझी खौफनाक साजिश के तहत रात के अंधेरे में एक नामी डेयरी पर हमला बोला गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रस्सियों से बांधकर घसीटते ले गए गाय
शातिर चोरों ने डेयरी की पिछली मजबूत दीवार को ढहा दिया और भीतर घुसकर कबाड़ की तरह सारा कीमती सामान अलमारियां और उसमें पड़ी भारी-भरकम नगदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड कर ली। दुस्साहस और क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपी डेयरी में बंधी 11 दुधारू गायों को भी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रस्सियों से बांधकर घसीटते हुए अपने साथ चोरी करके ले गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना PAU की पुलिस ने दो मुख्य नामजद बाप-बेटे और उनके 6-7 अज्ञात गुर्गों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुक़दमा दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है। थाना पुलिस को दिए अपने बयानों में डेयरी मालिक जसबीर कौर ने बताया कि बीती 13 और 14 जून की दरमियानी रात को वह और उसका परिवार डेयरी का काम निपटाकर सो रहे थे। तभी रात के सन्नाटे में उनकी डेयरी के बाहर गाड़ियों का एक पूरा काफिला आकर रुका।
डेयरी की पिछली दीवार को हथौड़ों से पूरी तरह तोड़ा
आरोपियों में मुख्य रूप से गुरबचन सिंह भुल्लर और उसका लड़का गुरजीत सिंह भुल्लर शामिल थे, जो अपने साथ करीब 6 से 7 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों को लेकर आए थे। अपराधी अपने साथ सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार, सफेद रंग की ही टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार और एक भारी-भरकम ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने डेयरी के मुख्य रास्ते को छोड़कर पिछली तरफ से धावा बोला। उन्होंने सोची-समझी साज़िश के तहत डेयरी की पिछली दीवार को हथौड़ों से पूरी तरह तोड़ दिया और मलबे के रास्ते भीतर दाखिल हो गए। डेयरी के भीतर घुसकर बदमाशों ने लूटपाट मचाते हुए वहां रखा सारा कीमती व्यावसायिक सामान समेटना शुरू कर दिया, जिसमें शामिल था, 01 बड़ा डीप फ्रीजर, 01 मुख्य कमर्शियल काउंटर, 04 मजबूत टेबल और 02 कुर्सियां, 03 लोहे की अलमारियां (दो बड़ी और एक छोटी), घरेलू और व्यावसायिक इस्तेमाल के 03 गैस सिलेंडर है।
आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश
उसने बताया कि चोरी की गई अलमारियों के भीतर उनके 78,500 रुपये नगद पड़े हुए थे, जिसे आरोपियों ने अलमारी समेत समेट लिया। इन शातिर चोरों ने यह सारा भारी-भरकम सामान एक-एक करके अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड कर लिया। सामान चोरी करने के बाद भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने डेयरी में बंधी लाखों रुपये की कीमती 11 दुधारू गायों को भी चोरी कर लिया। आरोपियों ने सभी गायों के गलों में रस्सियां बांधीं और उन्हें सामान से लदी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बेरहमी से बांध दिया। इसके बाद आरोपी अपनी कारों और ट्रैक्टर-ट्रॉली की रफ्तार बढ़ाकर गायों को घसीटते हुए मौके से फरार हो गए। सुबह जब पीड़ित ने डेयरी की दीवार टूटी देखी और सामान व मवेशी गायब पाए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस बड़ी चोरी की वारदात से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची ल। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।