Edited By Sunita sarangal,Updated: 08 May, 2026 04:33 PM

जानकारी के अनुसार इसके बाद व्यापारी यू.पी स्थित अपने घर पहुंचा।
लुधियाना(तरुण): थाना बखीरा, तहसील खलीलाबाद, जिला संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश राज्य के एक व्यापारी चमनलाल यादव का मोबाइल लुधियाना रेलवे स्टेशन के बाहर गिर गया। ट्रेन में बैठने के बाद उसे पता चला कि उसकी जेब से मोबाइल गिर गया है। परंतु तब तक ट्रेन चल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार इसके बाद व्यापारी यू.पी स्थित अपने घर पहुंचा। जहां नया सिम निकलवाने के बाद पता चला कि उसके बैंक खाते से किसी अज्ञात ने 3.42 लाख रुपए चोरी कर लिए हैं। तब उसे समझ आया कि मोबाइल खोने की कीमत वह अदा कर रहा है। इसके बाद उसने अपने घर के अंर्तगत आते थाने में जाकर सारी जानकारी दी तो यू.पी. पुलिस ने तुरंत जीरो एफ.आई.आर. दर्ज कर लुधियाना पुलिस को भेजी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चमनलाल यादव एक व्यापारी है जो कि माल की खरीदारी करने के लिए लुधियाना आता है। 16 मार्च को खलीलाबाद (यू.पी.) जाने के लिए उसकी ट्रेन में टिकट बुक थी। जब वह स्टेशन की तरफ जा रहा था तो रिक्शा से उतरते वक्त उसका मोबाइल नीचे गिर गया। ट्रेन रवाना होने के बाद उसने जब कॉल करने के लिए पेंट की जेब में हाथ डाला तो उसे पता चला कि मोबाइल नही है।
थाना बखीरा, तहसील खलीलाबाद, जिला संत कबीर नगर (यू.पी.) पहुंच कर उसने नया सिम निकलवाया तो उसे कई मैसेज मोबाइल पर आए। जिस पर उसने इतना गौर नही किया। पैसे की जरुरत होने पर वह बैंक गया तो उसे पता चला कि उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 3.42 लाख रुपए किसी अज्ञात चोर ने ऑनलाइन के जरिेए निकलवा लिए हैं।
छानाबीन करने पर पता चला कि लुधियाना रेलवे स्टेशन के बाहर गिरे मोबाइल को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठा लिया और सिम अन्य मोबाइल में डालकर उसके बैंक खाते से 3.42 रुपए उड़ा लिए। यह सारी जानकारी पीड़ित व्यापारी चमनलाल यादव ने अपने सत्र पर एकत्रित की और थाना बखीरा (यू.पी.) की पुलिस को शिकायत देकर जीरो एफ.आई.आर. दर्ज करवाई।
इस सबंधी थाना कोतवाली प्रभारी परमवीर सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि व्यापारी चमनलाल यादव का मोबाइल कोतवाली इलाके में चोरी हुआ था। हालांकि व्यापारी यू.पी. का रहने वाला है। इसलिए स्थानीय नागरिक होने के नाते यू.पी. पुलिस ने 66 सी.आई.टी. एक्ट के अधीन जीरो एफ.आई.आर दर्ज कर लुधियाना पुलिस को भेजी है। जो कि उन्हें आज ही प्राप्त हुई है। पुलिस पीड़ित व्यापारी को लुधियाना बुलाकर सारी जानकारी हासिल कर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को जल्द ही काबू कर लेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here