Edited By Vatika,Updated: 08 May, 2026 02:52 PM

पंजाब के अमृतसर शहर में शराब के शौकीनों के लिए इन दिनों 'दिवाली' जैसा माहौल है
अमृतसर(इन्द्रजीत) : पंजाब के अमृतसर शहर में शराब के शौकीनों के लिए इन दिनों 'दिवाली' जैसा माहौल है। शराब के ठेकेदारों के बीच छिड़े आपसी कंपीटीशन (प्राइस-वार) के कारण कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी इस रेटों की प्रतिस्पर्धा के चलते "वाइन-शॉप्स" के बाहर नई रेट लिस्टों के बड़े-बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगा दिए गए हैं। हालात यह हैं कि जो बोतल पहले 800 रुपए में बिक रही थी, उसकी कीमत अब गिरकर मात्र 500 रुपए के करीब रह गई है।
टूटा रेटों का 'पूल, 30-35 प्रतिशत की भारी गिरावट
जानकारी के अनुसार शराब के ठेकों की नई अलॉटमैंट के बाद शुरुआती दौर में ठेकेदारों ने दाम ऊंचे रखे थे। लेकिन अप्रैल के अंतिम दिनों में ठेकेदारों का आपसी 'प्राइस पूल' टूट गया, जिससे शराब के ठेकों पर रेटों में भारी गिरावट आ गई। मध्यम वर्ग की पसंद माने जाने वाले ब्रांड जैसे रॉयल स्टैग, रॉयल स्टैग बैरल, ब्लैंडर प्राइड और सिग्नेचर पर करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, प्रीमियम श्रेणी के ब्रांड जैसे ब्लैक लेबल, चिवास रेगल, डबल ब्लैक और मंकी शोल्डर के शौकीनों को अब 30 से 35 प्रतिशत कम दाम चुकाने होंगे।
क्वार्टर-हाफ और बीयर के "दाम भी धड़ाम"
केवल बोतलों पर ही नहीं, बल्कि क्वार्टर (पव्वे) और हाफ (अधिए) की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। पहले बोतल के मुकाबले ये छोटे पैक 20 प्रतिशत अधिक महंगे हुआ करते थे, लेकिन अब इनके दाम भी अनुपात में कम कर दिए गए हैं। भीषण गर्मी के बीच बीयर की कीमतों में भी 20 से 25 प्रतिशत की औसत गिरावट देखी जा रही है, जिससे ठेकों पर बिक्री में उछाल है।
अवैध शराब के धंधे पर 'सर्जिकल स्ट्राइक'
विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में इस भारी कमी से अवैध शराब के कारोबार को तगड़ा झटका लगेगा।
- तस्करी पर लगाम : चंडीगढ़ और हरियाणा से तस्करी कर लाई जाने वाली शराब का दबदबा कम होगा क्योंकि लोकल रेटों में पहले ही कमी आ चुकी है।
- लाहन की खपत हो सकती है जीरो : ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली कच्ची शराब (लाहन) की बजाय लोग अब कम दाम पर वैध शराब को प्राथमिकता देंगे।
- बिक्री में उछाल : कम मार्जिन के बावजूद ठेकेदारों की सेल बढ़ने से रैवेन्यू में बढ़ौतरी की उम्मीद है। वहीं, स्थानीय डिस्टिलरीज की सप्लाई और सेल में भी तेजी आएगी।