क्लाउड पार्टिकल घोटाले में खरौड़ दंपति पर एक और गाज, 60 लाख की ठगी का नया मामला दर्ज

Edited By Vatika,Updated: 13 Mar, 2026 08:19 AM

kharod couple in the cloud particle scam

अरबों रुपए के चर्चित 'क्लाउड पार्टिकल' निवेश घोटाले के काले कारनामे एक-एक कर सामने आ रहे हैं।

लुधियाना(राज): अरबों रुपए के चर्चित 'क्लाउड पार्टिकल' निवेश घोटाले के काले कारनामे एक-एक कर सामने आ रहे हैं। इस महाठगी के जाल में अब शहर के रसूखदार लोग भी फंसते नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में सराभा नगर थाना पुलिस ने व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड के सी.ई.ओ. सुखविंदर सिंह खरौड़ और उनकी पत्नी डिंपल खरौड़ सहित 5 लोगों के खिलाफ 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक और मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पूर्व जिला अटॉर्नी (लीगल) मित्तर सेन गोयल की शिकायत पर की गई है, जिन्होंने अपने ही परिवार के साथ हुई जालसाजी का पर्दाफाश किया है।

पुलिस को दी शिकायत में पूर्व जिला अटॉर्नी गोयल ने बताया कि इस खेल की शुरुआत सुरेश कुमार नाम के शख्स से हुई, जिसने उनकी बहू ऋतु गोयल को ऊंचे मुनाफे का सब्जबाग दिखाया। आरोपियों ने 'क्लाउड पार्टिकल' नामक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर यूनिट खरीदने और उसे कंपनी को लीज पर देकर घर बैठे लाखों कमाने का लालच दिया। दावे किए गए कि यह निवेश पूरी तरह सुरक्षित है और हर महीने बैंक खाते में मोटा मुनाफा आएगा। आरोपियों की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर ऋतु गोयल ने जुलाई 2023 से जुलाई 2024 के बीच करीब 54 लाख रुपए लुटा दिए। वहीं गोयल की बेटी चारू गुप्ता ने भी भविष्य के सपने संजोते हुए 6 लाख रुपए का निवेश कर दिया। शातिर ठगों ने अपना पुराना पैंतरा चलते हुए शुरुआत में तो कुछ भुगतान किए ताकि निवेशकों का भरोसा पक्का हो जाए, लेकिन जैसे ही बड़ी रकम हाथ आई, भुगतान बंद कर दिए गए। जब परिवार ने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने कानूनी पचड़ों का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ लिया।

नेपाल भागने की फिराक में थे खरौड़ दंपति, एयरपोर्ट से हुए थे गिरफ्तार
जिक्रयोग्य है कि इस घोटाले की जड़ें बेहद गहरी हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) पहले से ही 3,558 करोड़ रुपए के इस विशालकाय स्कैम की जांच कर रहा है। सुखविंदर सिंह खरौड़ और डिंपल खरौड़ को ई.डी. ने बीती 1 मार्च 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से उस वक्त दबोचा था जब वे देश छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में थे। अब तक इस मामले में करीब 271 करोड़ रुपए की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं। उधर, सराभा नगर पुलिस के ए.एस.आई. उमेश कुमार का कहना है कि आरिफ निसार, अरुण कुमार और सुरेश कुमार समेत सभी आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!