अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय ड्रग-हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़, अफगान नागरिक समेत 7 गिरफ्तार

Edited By Vatika,Updated: 05 Jun, 2026 12:38 PM

international drug and arms network busted in amritsar

पंजाब पुलिस को संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान

अमृतसर(रमन): पंजाब पुलिस को संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित किए जा रहे एक बड़े अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 4 वयस्क, 2 नाबालिग और 1 अफगान नागरिक शामिल है, जिससे इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पुष्टि होती है।

अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की खेप उपलब्ध
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विशेष सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन, पांच अत्याधुनिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस तथा नशे के कारोबार से जुड़े पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशों में बैठे अपने सहयोगियों और हैंडलरों के लगातार संपर्क में थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर उन्हें अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की खेप उपलब्ध करवाई जाती थी। इसके बाद आरोपी इन हथियारों और नशीले पदार्थों को पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने का काम करते थे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान हवाला लेन-देन के भी अहम सुराग मिले हैं। बरामद नकदी और आरोपियों के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क को आर्थिक सहायता कहां से मिल रही थी और इसका दायरा कितना व्यापक है।

उन्होंने कहा कि पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार सीमा पार बैठे तस्करों, विदेशी हैंडलरों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्कों तक फैले हुए हैं। इस संबंध में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जांच का मुख्य उद्देश्य इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करना, सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करना और यह पता लगाना है कि अब तक कितनी मात्रा में नशा और हथियार पंजाब में पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस राज्य में नशा तस्करी, अवैध हथियारों, हवाला कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे नेटवर्कों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा ताकि पंजाब में शांति, कानून व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध और तस्करी के नेटवर्क को समय रहते खत्म किया जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!