Edited By Urmila,Updated: 04 Dec, 2022 11:32 AM

शनिवार को जिला सेहत विभाग ने अवैध तौर पर चल रहे एक नशा मुक्ति केन्द्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया।
बठिंडा/रामपुरा फूल (विजय, रजनीश, तरसेम): शनिवार को जिला सेहत विभाग ने अवैध तौर पर चल रहे एक नशा मुक्ति केन्द्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। इस केन्द्र में करीब 20 मरीजों को दाखिल किया गया था व जबरदस्ती नियमों के विपरीत उन्हें बंधक बनाकर रखा गया था। इस केन्द्र को संचालित करने संबंधी भी संबंधित विभाग से किसी तरह की अनुमति हासिल नहीं की गई थी। केन्द्र के संचालक आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोगों को नशा छोड़ने के नाम पर इन केन्द्रों में लेकर आते थे व उनसे नशा छुड़वाने के नाम पर मोटी राशि वसूल की जा रही थी।
मामले में सेहत विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को सेहत सुविधा देने के मामले में गंभीर है और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। पुलिस जहां बड़े पैमाने पर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग भी नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। लेकिन कुछ असामाजिक गलत तत्व जो इस अभियान का नाजायज फायदा उठा रहे हैं।
डी.सी. बठिंडा व उपाध्यक्ष जिला डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन सोसायटी शौकत अहमद परे और डॉ. तेजवंत सिंह ढिल्लों सिविल सर्जन बठिंडा, डॉ. अरुण बांसल मनोचिकित्सक सिविल अस्पताल बठिंडा, सह नोडल अधिकारी डॉ. अरुण बांसल के दिशा-निर्देशों पर जिले में चल रहे इस तरह के अवैध सैंटरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी कड़ी के अनुसार प्राप्त जानकारी पर एक टीम का गठन किया गया था।
इस टीम ने नशा मुक्ति केन्द्र कोठे महासिंह वाले महाराज में चल रहे एक अनाधिकृत पुनर्वास केन्द्र पर छापा मारा। इस टीम में डॉ. हरिंदर सिंह वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी रामपुरा, ओम प्रकाश एस.डी.एम., सुखबीर सिंह तहसीलदार व अमित कुमार शामिल थे। इस सैंटर में 20 मरीजों को जबरन नशा छुड़ाने के आरोप में बंदी बनाकर रखा गया था। जिन्हें सरकारी परामर्श एवं पुनर्वास केन्द्र, सरकारी अस्पताल बठिंडा में शिफ्ट किया गया है।
इस केन्द्र के 10 कर्मचारियों पर पुलिस ने केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। वहीं केन्द्र का संचालन कर रहे मालिक रणजीत सिंह अभी फरार है। वहीं केंद्र को सील कर वहां रखा साजों सामान भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here