Edited By Vatika,Updated: 20 Mar, 2026 09:21 AM

शहर में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लुधियाना(राज): शहर में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंग पड़ोसियों ने एक परिवार की नई गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर मामले में पीड़ित परिवार को न्याय के लिए ढाई महीने का लंबा इंतजार करना पड़ा। आखिर 2.5 महीने की गहरी नींद के बाद थाना मॉडल टाउन की पुलिस अब एक्शन लिया और आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्त्ता ने बताया कि घटना 2 जनवरी की है, जब युवती घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले महिंदर सिंह और गुरमीत सिंह ने घर में घुसकर युवती की लाज भंग करने की कोशिश की और उस पर हमला बोल दिया। जब युवती के पिता ने इसका विरोध किया और मोहल्ला इकट्ठा हुआ, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से अपनी गलती मानकर माफी मांग ली। लेकिन, माफी मांगना तो केवल एक सोची-समझी साजिश थी।
3 जनवरी की रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी एक जोरदार धमाके ने सबकी नींद उड़ा दी। बाहर जाकर देखा तो पिता की महिंद्रा की गाड़ी धूं-धूं कर जल रही थी। जांच में साफ हुआ कि इस वारदात को उन्हीं पड़ोसियों ने अंजाम दिया था। बॉक्स पुलिस की सुस्ती पर सवाल: ढाई महीने बाद हुई FIR : इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली रही। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस को एफ.आई.आर. दर्ज करने और कार्रवाई शुरू करने में ढाई महीने लग गए। अब जाकर पुलिस ने गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी महिंदर सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।