Edited By Urmila,Updated: 20 Mar, 2026 11:47 AM

पंजाब में ड्रग तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक और नाम पर फोकस बढ़ गया है।
अमृतसर/तरनतारन: पंजाब में ड्रग तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक और नाम पर फोकस बढ़ गया है। एजेंसी ने ड्रग्स से जुड़े एक बड़े मामले में AAP नेता कमल कुमार उर्फ कमल बोरी और उनकी पत्नी, जो वर्तमान में नगर परिषद की काउंसलर हैं, को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। वहीं बता दें कि यह समन पिछले महीने करीब 17 किलो ड्रग्स जब्त होने के मामले में भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई उस केस से जुड़ी है, जिसमें पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। इस ऑपरेशन में हेरोइन, मेथामफेटामाइन (आईसीई) और अफीम की बड़ी खेप जब्त की गई थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में पहले ही AAP से जुड़े एक सरपंच की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसके बाद तकनीकी जांच और कॉल डिटेल एनालिसिस के जरिए अन्य संदिग्ध कड़ियों तक पहुंच बनाई गई। इसी दौरान कमल बोरी का नाम सामने आया, जिसके चलते उन्हें समन भेजा गया।
NCB के अधिकारियों का कहना है कि बोरी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से भी कुछ मामले दर्ज हैं, जिनमें से कई अभी अदालतों में विचाराधीन हैं। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क में सीमा पार से संचालित तस्करों की संभावित भूमिका को भी खंगाला जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है, क्योंकि कमल बोरी हाल ही में विधानसभा टिकट की दौड़ में सक्रिय बताए जा रहे थे। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here