Edited By Kalash,Updated: 03 Mar, 2026 10:12 AM

अगले ही दिन 28 फरवरी को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे।
लुधियाना (राज): महानगर में कर्ज के लेन-देन और मानसिक प्रताड़ना के चलते एक और व्यक्ति द्वारा मौत को गले लगाने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। बैंक लोन लेकर फैक्ट्री चलाने वाले अमिताभ कुमार ने कथित तौर पर तीन लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। थाना हाइबोवाल की पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों पर मनीष कुमार, बंटी और अरविंद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक की पत्नी उर्मिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 27 फरवरी को अमिताभ कुमार उसे और बच्चों को बिहार भेजने के लिए ट्रेन में बिठाकर वापस घर लौटे थे। लेकिन अगले ही दिन 28 फरवरी को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे। खबर सुनते ही पत्नी रास्ते से ही वापस लुधियाना लौट आई।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने बंटी नाम के व्यक्ति से धागा खरीदा था, जिसकी कुछ पेमेंट बकाया थी। इसी बकाया रकम को लेकर आरोपी उसके पति को लगातार परेशान कर रहे थे। आरोप है कि मनीष कुमार, बंटी और अरविंद कुमार ने फैक्ट्री में घुसकर जबरदस्ती मशीनें खोलने और उखाड़ने का प्रयास किया था। अपनी मेहनत से खड़ी की गई फैक्ट्री की मशीनों को बिखरता देख और आरोपियों के दबाव के आगे अमिताभ कुमार मानसिक रूप से टूट गए। इसी परेशानी के चलते उन्होंने फैक्ट्री में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here