लुधियाना में DCP ने तस्करों को दी दो-टूक चेतावनी, बोले- धंधा छोड़ो या शहर छोड़ दो

Edited By Urmila,Updated: 08 Sep, 2026 11:55 AM

dcp takes strict action against drug smugglers in ludhiana

पंजाब सरकार द्वारा सूबे को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी जंग तेज कर दी है।

लुधियाना (राज) : पंजाब सरकार द्वारा सूबे को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी जंग तेज कर दी है। महानगर में नव-नियुक्त डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सिटी) आलम विजय सिंह ने कार्यभार संभालते ही नशा तस्करों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि पुलिस का अभियान अब और अधिक आक्रामक होगा। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि नशा बेचने वालों के पास केवल दो ही रास्ते हैं—या तो वे यह काला कारोबार हमेशा के लिए छोड़ दें, या फिर शहर छोड़कर कहीं और चले जाएं, क्योंकि लुधियाना पुलिस उन्हें किसी भी सूरत में चैन से नहीं बैठने देगी।

डी.सी.पी. (सिटी) आलम विजय सिंह ने बताया कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों की धार लगातार तेज की जा रही है। विशेषकर ऑपरेशन कासो के तहत संवेदनशील और नशा प्रभावित इलाकों में लगातार औचक छापेमारी की जा रही है। इस अभियान के जरिए न केवल गलियों-मोहल्लों में नशा सप्लाई करने वाले छोटे पैडलर्स पर नकेल कसी जा रही है, बल्कि इस अवैध नेटवर्क के पीछे छिपे बड़े मगरमच्छों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

नशा थमेगा तो खुद-ब-खुद गिरेगा क्राइम का ग्राफ 

डीसीपी आलम विजय सिंह ने कहा कि आज समाज में होने वाले ज्यादातर अपराधों की जड़ नशा ही है। नशे की लत के चलते ही युवा गलत राह पर कदम बढ़ाते हैं और छीना-झपटी, लूटपाट, चोरी और मारपीट जैसी संगीन वारदातों में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के मार्गदर्शन में एक मजबूत और प्रभावी रणनीति तैयार की गई है। इस कार्ययोजना के तहत नशे की सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जाएगा, जिससे न केवल युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि महानगर में अपराध के ग्राफ में भी भारी गिरावट आएगी।

14 साल बाद औद्योगिक नगरी में वापसी, अनुभव से साधेंगे कानून-व्यवस्था 

गौरतलब है कि पुलिस महकमे में सख्त और ईमानदार छवि रखने वाले पी.पी.एस. अधिकारी आलम विजय सिंह करीब 14 साल पहले लुधियाना में बतौर डीएसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पंजाब के विभिन्न संवेदनशील जिलों और शहरों में कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभालने के बाद अब उन्हें पंजाब की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी में डीसीपी (सिटी) का अहम दायित्व सौंपा गया है। महानगर की नब्ज और भौगोलिक स्थिति से पहले से वाकिफ होने के कारण उन्होंने पदभार संभालते ही शहर में अमन-शांति, कानून के राज और नशा तस्करों के सफाए पर पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!