Edited By Vatika,Updated: 12 Sep, 2026 09:22 AM

, खालिस्तान के खिलाफ बोलने पर भुगतने को कहा अंजाम, पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
- 24 अगस्त की रात आया था फोन; कॉलर ने पहले पत्रकार बताकर शुरू की बातचीत, फिर कहा कि हम खाडकू होते है
- खालिस्तान के विरोध में टिप्पणी करने पर दिया जान-माल का भारी...
लुधियाना, (राज) : शिवसेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब व राजस्थान के प्रभारी कृष्ण शर्मा को एक विदेशी नंबर से गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात कॉलर ने शुरुआत में खुद को मीडिया कर्मी बताकर बात की, लेकिन बाद में कट्टरपंथी जत्थेबंदी का सदस्य बताते हुए दो-टूक कहा कि अगर भविष्य में खालिस्तान के खिलाफ कोई टिप्पणी की, तो बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने और थाना फोकल प्वाइंट में औपचारिक शिकायत सौंपने के बावजूद पुलिस ने अब तक मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।
अज्ञात विदेशी नंबर से आई कॉल
शिवसेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण शर्मा ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने शुरुआत में खुद को एक मीडिया कर्मी बताते हुए बेहद सामान्य अंदाज में बातचीत शुरू की। लेकिन कुछ ही पलों बाद उसका लहजा उग्र हो गया और उसने खुद को एक कट्टरपंथी जत्थेबंदी से जुड़ा हुआ सदस्य बताया। कृष्ण शर्मा के अनुसार, कॉलर ने तल्ख तेवर में कहा—तुम सिखों को आतंकवादी क्यों कहते हो? हम आतंकवादी नहीं, खाडक़ू होते हैं। इसके तुरंत बाद उसने सीधे शब्दों में धमकी दी कि यदि उन्होंने आगे से खालिस्तान के खिलाफ आवाज उठाई या किसी भी प्रकार की टिप्पणी की, तो उनका भारी जानी-माली नुकसान कर दिया जाएगा।
धमकी देने के तुरंत बाद कॉलर ने कॉल काट दी। शर्मा ने बताया कि 24 अगस्त को मिली इस गंभीर धमकी के बाद उन्होंने बिना किसी देरी के थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले से अवगत करवाया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस मामले में कोई नियमित एफआईआर दर्ज नहीं की है। उन्होने मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम सेल के जरिए उक्त विदेशी कॉलिंग नंबर की विस्तृत जांच करवाई जाए ताकि साफ हो पाए कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में विदेश में बैठा है या फिर देश के भीतर से ही इंटरनेट कॉलिंग के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।