प्रसाद का लालच देकर बच्चों को कार में बैठा ले गया Couple, और फिर कुछ देर बाद ही...

Edited By Kalash,Updated: 05 Mar, 2026 05:08 PM

couple allegedly lures 3 children in car

उस समय दहशत फैल गई जब एक कार सवार पुरुष और महिला पर तीन मासूम बच्चों को प्रसाद का लालच देकर साथ ले जाने का आरोप लगा।

बठिंडा (विजय वर्मा): होली के दिन बुधवार को शहर की धोबियाना बस्ती में उस समय दहशत फैल गई जब एक कार सवार पुरुष और महिला पर तीन मासूम बच्चों को प्रसाद का लालच देकर साथ ले जाने का आरोप लगा। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने बच्चों के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीमें मौके पर पहुंचीं और कंट्रोल रूम के जरिए अलर्ट जारी किया गया। हालांकि कुछ ही देर बाद तीनों बच्चे सकुशल बस्ती में लौट आए, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार होली के दिन फूलन कुमारी ने अपने चार बच्चों को पास की दुकान से सामान लेने भेजा था। बच्चों की उम्र तीन से सात वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल थीं। परिवार की बेटी खुशबू ने बताया कि रास्ते में एक फोर्ड कार में सवार एक पुरुष और पिंक सूट पहने महिला मिले, जिन्होंने प्रसाद दिलाने की बात कहकर उसके तीन भाई-बहनों को कार में बैठा लिया। खुशबू ने उनके साथ जाने से यह कहकर इनकार कर दिया कि वह उन्हें नहीं जानती। इसके बाद वह तुरंत बस्ती में लौट आई और परिजनों को जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने धोबियाना बस्ती के पास होली के दौरान हुड़दंग रोकने के लिए तैनात पीसीआर टीमों को सूचित किया। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी और जांच शुरू कर दी। इसी बीच बस्ती निवासी करण को तीनों बच्चे रास्ते में मिले, जिन्हें वह सुरक्षित घर लेकर आया। बच्चों के लौटने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है। पहला, क्या यह मामला धार्मिक परंपरा के तहत बच्चों को प्रसाद दिलाने के नाम पर ले जाने का था, जैसा कि कंजक पूजन या अन्य धार्मिक आयोजनों में कई बार होता है। हालांकि आमतौर पर ऐसे मामलों में परिजनों की अनुमति ली जाती है। दूसरा, कार सवारों की वास्तविक मंशा क्या थी और क्या बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने के पीछे कोई गलत इरादा था।

थाना सिविल लाइन के सब इंस्पेक्टर रघुवीर सिंह ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। कार सवार महिला और पुरुष की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। घटना के बाद से धोबियाना बस्ती में भय का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!