Edited By Kamini,Updated: 15 Sep, 2026 04:05 PM

कांग्रेस पार्टी का चंडीगढ़ में सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।
पंजाब डेस्क: कांग्रेस पार्टी का चंडीगढ़ में सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। संगरूर के गुलजार सुसाइड केस को लेकर पंजाब कांग्रेस ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास की ओर मार्च किया। हालांकि, रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। टकराव में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
सचिन पायलट समेत कई नेता हिरासत में
मार्च की अगुआई कर रहे पंजाब कांग्रेस प्रभारी और राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट समेत कई कांग्रेस नेताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, करीब एक घंटे बाद दोपहर करीब 3 बजे पायलट समेत सभी नेताओं को छोड़ दिया गया। प्रदर्शन से पहले मंच से संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी हो रही है। उन्होंने कहा कि गरीब दलित गुलजार मंत्री का नाम लेकर मरा। पायलट ने कहा कि पंजाब की लड़ाई में वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ आगे रहेंगे और जरूरत पड़ी तो सबसे पहले लाठी भी वही खाएंगे।

3 महीने बाद एक मंच पर दिखे चन्नी और राजा वड़िंग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी सियासत का एक अलग नजारा भी देखने को मिला। करीब 3 महीने बाद पूर्व CM और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही मंच पर नजर आए। मंच से चन्नी का नाम लिए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। हालांकि, चन्नी ने अपने भाषण के दौरान राजा वड़िंग का नाम नहीं लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here