Edited By Kamini,Updated: 15 Sep, 2026 03:42 PM

मध्य मार्ग समेत सेक्टर-15 के आसपास के कई सेक्टरों में ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चंडीगढ़ (मनप्रीत): चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर कांग्रेस पार्टी के बड़े विरोध प्रदर्शन की वजह से आज शहर में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट, चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में वित्त मंत्री के घर की तरफ निकाले जाने वाले विरोध मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने कड़े बैरिकेड लगाए थे। इस वजह से मध्य मार्ग समेत सेक्टर-15 के आसपास के कई सेक्टरों में ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब 10 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ता और उनकी गाड़ियां सेक्टर-15 पहुंचने लगीं। दोपहर 12 बजे तक गाड़ियों की संख्या बढ़ने की वजह से सेक्टर-15 की अंदरूनी सड़कें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियों से पूरी तरह भर गईं, जिसकी वजह से सड़कों पर कई किलोमीटर लंबी लाइनें लग गईं। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस शक्ति प्रदर्शन में 5 हजार कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। जाम का असर इतना ज़्यादा था कि सेक्टर-15 और 11 की ओर जाने वाला अंडरपास भी बुरी तरह ट्रैफिक से जाम हो गया। पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम करते हुए PGI की ओर जाने वाली बीच वाली सड़क पर मजबूत बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इस वजह से ट्रैफिक को सेक्टर-15 से सटे दूसरे सेक्टरों में डायवर्ट करना पड़ा।
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने कल एक एडवाइजरी जारी करके बताया था कि बीच वाली सड़क पर सेक्टर 15/16 लाइट पॉइंट से GMSH सेक्टर-16 चौक तक और GMSH सेक्टर 16 चौक से PGI चौक तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण सेक्टर 15 से सटे सेक्टर 11, 12, 14 और सेक्टर 16 तक ट्रैफिक व्यवस्था उलझी रही। पंजाब यूनिवर्सिटी, सेक्टर 11 में गवर्नमेंट कॉलेज और उनके आस-पास के इलाकों में भी गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं। पुलिस ने आम लोगों को सलाह दी है कि वे दूसरे रास्ते अपनाएं और फिलहाल PGI, पंजाब यूनिवर्सिटी, सेक्टर 15 और सेक्टर 11 की ओर आने से बचें। मौजूदा हालात को देखते हुए, इन इलाकों में शाम करीब 4 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here