Edited By Kamini,Updated: 08 Sep, 2026 12:29 PM

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की बार एसोसिएशन आज मंगलवार को बंद रखेंगी। दरअसल, मानसा के वकील अमनिंदर सिंह मान के समर्थन में बार एसोसिएशन में आज काम बंद रहेगा।
पंजाब डेस्क: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की बार एसोसिएशन आज मंगलवार को बंद रखेंगी। दरअसल, मानसा के वकील अमनिंदर सिंह मान के समर्थन में बार एसोसिएशन में आज काम बंद रहेगा। बता दें कि अमनिंदर के खिलाफ पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी के खिलाफ कथित जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में SC/ST (अत्याचार निवारण) एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई थी। इसी कार्रवाई का वकीलों द्वारा विरोध किया जा रहा हैं।
इससे पहले सोमवार को पंजाब की सभी बार एसोसिएशन ने अमनिंदर र के समर्थन में काम बंद रखा था। वहीं, मानसा जिला और सब-डिविजनल अदालतों के वकीलों ने शुक्रवार और शनिवार को भी काम बंद रखा था। अमनिंदर के खिलाफ 18 अगस्त को मानसा के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मानसा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गुरदास सिंह मान ने कहा कि अमनिंदर ने जसवीर सिंह गढ़ी के बारे में टिप्पणी की थी, लेकिन उनके खिलाफ SC/ST एक्ट की धाराएं लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर पहले मानसा की अदालतों में 2 दिन काम बंद रखा गया और सोमवार को पंजाब की सभी बार एसोसिएशन ने उनका समर्थन किया। उन्होंने बताया कि संयुक्त कार्य समिति ने अब पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सभी बार एसोसिएशन से मंगलवार को काम बंद रखने की अपील की है।
7 जुलाई की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज हुई FIR
FIR के मुताबिक, अमनिंदर सिंह मान ने 7 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जसवीर सिंह गढ़ी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने 14 जुलाई को मामले का स्वतः संज्ञान लिया और पुलिस को FIR दर्ज करने के साथ कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। वकीलों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसा कोई कंटेंट नहीं था, जिसके आधार पर SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाए। इसी आधार पर बार एसोसिएशन इस कार्रवाई का विरोध कर रही हैं और अपने साथी वकील के समर्थन में काम बंद रखने का फैसला लिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here