Edited By Kalash,Updated: 07 Sep, 2026 05:19 PM

त्योहारों के सीजन में चंडीगढ़ और अंबाला रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली लंबी दूरी की निर्धारित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।
चंडीगढ़ (ललन): त्योहारों के सीजन में चंडीगढ़ और अंबाला रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली लंबी दूरी की निर्धारित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इनमें चंडीगढ़-वाराणसी और चंडीगढ़-पटना फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। दोनों ट्रेनें 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेंगी।
अंबाला मंडस के सीनियर डी.सी.एम. यशंजीत सिंह ने बताया कि दिवाली और छठ के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली रेगुलर ट्रेनों में ज्यादा वेटिंग की संभावना को देखते हुए ये स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। दोनों ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। इससे दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। वाराणसी जंक्शन-चंडीगढ़-वाराणसी जंक्शन रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस कुल 36 गेड़े लगाएगी। ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी जंक्शन-चंडीगढ़ फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:05 AM बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 4:20 AM बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर गुरुवार और रविवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक हर शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। ट्रेन में AC 2 टियर, AC 3 टियर, स्लीपर और जनरल कोच होंगे। यह ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम, प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली जंक्शन, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट पर रुकेगी। चंडीगढ़-पटना जंक्शन-चंडीगढ़ फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस कुल 18 गेड़े लगाएगी।
ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना जंक्शन स्पेशल एक्सप्रेस चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हर गुरुवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना जंक्शन-चंडीगढ़ स्पेशल पटना जंक्शन से रात 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, 3 टियर इकॉनमी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे। यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उत्तराखंड जंक्शन, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर स्टेशनों पर रुकते हुए पटना पहुंचेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here