Edited By Vatika,Updated: 01 Sep, 2026 01:49 PM

चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया गया है।
चंडीगढ़: चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया गया है। यह धरना 7 सितंबर तक चलेगा। किसानों ने मोहाली की तरफ गोल्फ क्लब के पास आई.आई.एस.ई.आर.-जगतपुरा रोड पर धरना लगाया है।
इस धरने में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि करीब 1000 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए किसान यहां पहुंचे हैं। किसान अपने साथ राशन, बर्तन, गैस सिलेंडर, मोटरसाइकिल और अन्य जरूरी सामान भी लेकर आए हैं। किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर ही खड़ी कर दी हैं।
पुलिस ने की बैरिकेडिंग, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। चंडीगढ़ पुलिस ने बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर एक तरफ का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके चलते दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही अब सड़क के एक ही तरफ से हो रही है।
इसके अलावा आई.आई.एस.ई.आर. चौक से बेस्टेक मॉल (फेज-11), मोहाली होते हुए जगतपुरा से चंडीगढ़ जाने वाली सड़क आज बंद रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।