Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 Jul, 2026 05:41 PM

पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से चल रही अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने से राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर पनपे विवाद के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने...
जालंधर : पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से चल रही अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने से राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर पनपे विवाद के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' के इशारों पर काम करते-करते खुद टुकड़ों में बंट चुकी है। चुघ ने कहा है कि जो पार्टी वर्षों से "टुकड़े-टुकड़े गैंग" की राजनीति का समर्थन करती रही, आज वही खुद टुकड़ों में बंटती नजर आ रही है।
तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब कांग्रेस में जिस तरह से लगातार गुटबाजी सामने आ रही है, उससे साफ है कि पार्टी का संगठन पूरी तरह बिखर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं के बीच आपसी विश्वास खत्म हो चुका है और हर नेता अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश में जुटा हुआ है।
चुघ ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व का संकट लगातार गहराता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेता सार्वजनिक रूप से एकजुटता की बात करते हैं, लेकिन अंदरखाने सत्ता और पदों की लड़ाई चल रही है। चुघ ने कहा कि पंजाब की जनता कांग्रेस की इस स्थिति को देख रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता के मुद्दों से दूर होकर केवल आंतरिक संघर्ष में उलझी हुई है, जबकि भाजपा विकास और सुशासन के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब संगठन को लेकर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की थी। इस सूची में राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति (कैंपेन कमेटी) का अध्यक्ष बनाया गया। हाईकमान के इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक गतिविधियां अचानक तेज हो गईं। इसके तुरंत बाद चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई, जिससे राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।