Edited By Vatika,Updated: 05 Mar, 2026 10:04 AM

महानगर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे घरों में घुसकर
लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे घरों में घुसकर जानलेवा हमला करने से भी गुरेज नहीं कर रहे। ताजा मामले में मामूली विवाद के चलते हमलावरों ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। तेजधार हथियारों से लैस होकर आए हमलावरों ने न सिर्फ परिवार के सदस्यों की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि घर को आग के हवाले करने की नीयत से पेट्रोल की बोतलें भी फेंकी।
शिकायतकर्ता राज गोसाई ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह अपने भाई रजत गोसाईं और परिवार के साथ घर पर मौजूद था। घर के बाहर उसका भांजा अमन कुमार और शिवम आपस में बातें कर रहे थे। इसी दौरान अजय उर्फ काशी, 'हैप्पी' और 'चीनू' अपने साथियों के साथ हाथों में तेजधार हथियार लहराते हुए वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही भांजों के साथ गाली-गलौज और तकरार शुरू कर दी। जब भांजों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने तैश में आकर उन पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर जब उसने बीच-बचाव करने बाहर आया, तो आरोपियों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर डाली। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। अपनी हरकतों को छिपाने के लिए उन्होंने सबसे पहले घर के बाहर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद बदमाश जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए और वहां पड़े घरेलू सामान की जमकर तोड़-फोड़ की। घर में मौजूद कीमती सामान को नुकसान पहुंचाने के बाद बदमाशों ने पूरी इमारत को नष्ट करने के इरादे से पेट्रोल से भरी बोतलें (पेट्रोल बम) अंदर फेंकी।
यही नहीं, आरोपियों ने घर पर ईंट-पत्थरों से भी ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं। इस हमले के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है पुलिस ने अजय उर्फ काशी, चीनू , हैप्पी , कृष्ण बावा, तेंदू , परमजीत, सपना उर्फ शरली, भेदकरण, विकास, विष्णु और इनके साथ 10-11 अन्य अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।