तेल-गैस मुद्दे पर विधानसभा में झूठा प्रस्ताव पास करने के लिए मुख्यमंत्री माफी मांगें-सुनील जाखड़

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 29 Mar, 2026 05:05 PM

bjp leader sunil jakhar attacks punjab government

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री अब कह रहे हैं कि पंजाब में तेल और गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर विधानसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव किस सोच के तहत...

चंडीगढ़ :  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री अब कह रहे हैं कि पंजाब में तेल और गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर विधानसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव किस सोच के तहत पास किया गया था।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि वे तुरंत इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पंजाब के लोगों से माफी मांगें, क्योंकि आप सरकार द्वारा पैदा किए गए भ्रम के कारण राज्य में तेल-गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और लोग जमाखोरी करने लगे थे, जबकि वास्तव में तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित नहीं हुई थी।

उन्होंने कहा कि आज भारत सरकार की विदेश और व्यापार नीति की सफलता के कारण देश में लगातार कच्चा तेल और गैस आ रही है और कहीं कोई कमी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे मुख्यमंत्री को आपदा राहत फंड के 13 हजार करोड़ रुपये खजाने में होने की जानकारी 6 महीने बाद हुई, वैसे ही इस मामले में भी 15 दिन बाद उन्हें समझ आया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जरूरतों को संभालने में सक्षम हैं और तेल-गैस की कोई कमी नहीं है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि जिन अफवाहों को रोकने की अपील आज मुख्यमंत्री कर रहे हैं, वही अफवाहें आप सरकार द्वारा विधानसभा में लाए गए कथित निंदा प्रस्ताव के कारण फैली थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले से ही वैश्विक हालात से अवगत थे और देश की जरूरतों के अनुसार तेल-गैस के भंडार पहले से ही सुरक्षित रखे गए थे। आज भी जिस विदेश नीति की मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे थे, उसी के तहत लगातार सप्लाई जारी है। उन्होंने कहा कि देश हर चुनौती से निपटने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि आप पार्टी की हमेशा से नीति रही है कि हर मुद्दे पर भ्रम पैदा किया जाए और झूठ के आधार पर जनमत तैयार किया जाए, लेकिन पंजाब ऐसा राज्य नहीं है। यहां के लोग राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से जागरूक हैं और इन चालों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने मांग की कि अब जब स्थिति स्पष्ट हो चुकी है, तो पंजाब सरकार को पिछले विधानसभा सत्र में पास किए गए निंदा प्रस्ताव को अगले सत्र में वापस लेना चाहिए और गलत बयानबाजी के लिए माफी मांगनी चाहिए।

डीएम गगनदीप सिंह रंधावा मामले पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने परिवार के हौसले को सलाम करते हुए कहा कि धमकियों और बिजली काटे जाने के बावजूद भी वे झुके नहीं। वहीं दूसरी ओर मंत्री के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते और परिवार को न्याय मिलने पर ही संतोष होगा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने संसद में सीबीआई जांच की मांग उठाई थी, तो अब यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी पार्टी का नेतृत्व किस दबाव में पीछे हट रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता दोहरी बात कर रहे हैं, लेकिन पंजाब के लोग पहचान रहे हैं कि कौन उनके साथ खड़ा है और कौन अपने राजनीतिक हित साध रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में पंजाब इसका जवाब देगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!