Edited By VANSH Sharma,Updated: 24 Mar, 2026 07:18 PM

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि डीएम गगनदीप सिंह रंधावा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पंजाब के राज्यपाल से मिलेगा और सीबीआई जांच की अपील करेगा।
अमृतसर/चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि डीएम गगनदीप सिंह रंधावा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पंजाब के राज्यपाल से मिलेगा और सीबीआई जांच की अपील करेगा।
वे आज यहां डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि पूरा पंजाब आज इस परिवार के साथ एकजुट होकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को सीबीआई जांच से कम कुछ भी मंजूर नहीं है और पार्टी इस मांग में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। इसी उद्देश्य से पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर यह मांग करेगा।

सुनील जाखड़ ने कहा कि इस मामले में पंजाब सरकार जिस तरह की ड्रामेबाजी कर रही है, उससे स्पष्ट है कि इस आप सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उन्होंने मंत्री से इस्तीफा लिया है, जबकि लालजीत सिंह भुल्लर का कहना है कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है। इसी तरह मंत्री कह रहे हैं कि उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है, जबकि पुलिस का कहना है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि लालजीत सिंह भुल्लर पुलिस हिरासत में नहीं आते, यदि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा सीबीआई जांच के संकेत न दिए जाते। इसलिए आवश्यक है कि इस केस में परिवार को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच हो, ताकि यह भी पता चल सके कि मंत्री द्वारा चलाए जा रहे कथित वसूली गिरोह के तहत इकट्ठा किया गया पैसा कहां भेजा जा रहा था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here