Edited By Kalash,Updated: 28 Apr, 2026 06:12 PM

अमृतसर के छेहरटा चौक पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक जवान लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
अमृतसर (रमन): अमृतसर के छेहरटा चौक पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक जवान लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सलोनी के तौर पर हुई है, जो करीब 23 साल की थी और वह होशियारपुर की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सलोनी अमृतसर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ रही थी और अपनी मौसी के पास रहती थी।
बताया जा रहा है कि सलोनी अपने भाई के साथ एक्टिवा पर कहीं जा रही थी, तभी अचानक गलत साइड से आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लड़की ट्रॉली के नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर मौजूद चश्मदीद मनप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रॉली तेज स्पीड में रॉन्ग साइड से आ रही थी और मिट्टी से ओवरलोड होने की वजह से उसके ब्रेक ठीक से नहीं लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रॉली पर नंबर प्लेट नहीं थी और एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर मौके से भाग गया। लोगों ने यह भी कहा कि हादसे के बाद आरोपियों को काबू करने में लापरवाही बरती गई।
घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां अक्सर रॉन्ग साइड गाड़ियां चलती हैं, लेकिन कोई सख्त एक्शन नहीं लिया जाता। उन्होंने मांग की कि आरोपी ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।
इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर की तलाश जारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here