पावरकॉम में करोड़ों का घोटाला: स्टोर के सामान में 2 करोड़ से ज्यादा की हेराफेरी, जेई के खिलाफ केस दर्ज

Edited By Vatika,Updated: 09 Apr, 2026 09:19 AM

powercomm scandal

पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के भीतर एक बड़े वित्तीय घोटाले का

लुधियाना(राज): पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के भीतर एक बड़े वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश हुआ है, जहां सरकारी संपत्ति की रखवाली करने वाले ने ही करोड़ों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामला उप-मंडल सरींह (आलमगीर) से जुड़ा है, जहां एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर स्टोर के सामान में 2 करोड़ रुपए से अधिक की हेराफेरी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में विभाग के सहायक कार्यकारी इंजीनियर कमलजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने JE तनुज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सालों तक चलता रहा हेर-फेर का खेल, ऑडिट में खुली पोल
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी सरींह दफ्तर में बतौर जेई तैनात था। विभाग की ओर से की गई आंतरिक जांच के आधार पर यह सामने आया कि साल 2021-22 से लेकर 2024-25 के दौरान स्टोर से भारी मात्रा में सामान निकलवाया गया था। जब इन निकलवाए गए सामान के रिकॉर्ड का मिलान किया गया, तो विभाग के पैरों तले जमीन खिसक गई। कुल 2,07,57,200 रुपए (दो करोड़ सात लाख सत्तावन हजार दो सौ रुपए) के सामान की कमी पाई गई, जिसका कोई हिसाब-किताब आरोपी कर्मचारी के पास नहीं था।

करोड़ों की 'शॉर्टेज' ने उड़ाए विभाग के होश 
सहायक कार्यकारी इंजीनियर कमलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में स्पष्ट किया है कि उक्त जेई ने पिछले चार सालों के दौरान स्टोर से जो सामान जारी करवाया, उसकी पेंडिंग रिकवरी या क्लियरेंस अब तक नहीं दी गई। यह महज कोई छोटी-मोटी लापरवाही नहीं बल्कि सरकारी खजाने को करोड़ों की चपत लगाने का सुनियोजित मामला नजर आ रहा है। विभाग की ओर से बार-बार मौका दिए जाने के बावजूद जब यह भारी-भरकम राशि क्लियर नहीं की गई, तो उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, अब होगी रिकवरी की तैयारी
सहायक कार्यकारी इंजीनियर के बयानों और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 6 अप्रैल को मिली इस शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए अगली तफ्तीश शुरू कर दी गई है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि  क्या इस घोटाले में विभाग के कुछ अन्य बड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और इस करोड़ों की शॉर्टेज की तह तक जाने के लिए छापेमारी और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। इस खुलासे के बाद पावरकॉम महकमे में हड़कंप मच गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!