Edited By Vatika,Updated: 26 Mar, 2026 10:27 AM

शहर में प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं।
लुधियाना (राज): शहर में प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक ताजा मामले में करोड़ों रुपये की जमीन का सौदा कर एक व्यक्ति से 1 करोड़ रुपये की मोटी रकम हड़पने और रजिस्ट्री न करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना कुमकलां की पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपी राजिंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कमलदीप अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी राजिंदर सिंह ने उनके साथ एक कीमती जमीन का इकरारनामा किया था। इस सौदे के बदले आरोपी ने पीड़ित से 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि बतौर एडवांस वसूल कर ली। जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस को पता चला कि आरोपी राजिंदर सिंह ने इस जमीन का सौदा कमलदीप से करने से पहले ही नितिन बासी नाम के व्यक्ति के साथ कर रखा था। आरोपी ने जानबूझकर यह बात छुपाई और धोखाधड़ी की नीयत से कमलदीप से पैसे ऐंठ लिए। यही नहीं, राजिंदर सिंह ने नितिन बासी को रजिस्ट्री नहीं करवाई, जिसके बाद नितिन ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और कानूनी प्रक्रिया के जरिए उक्त जमीन की 'डिक्री' अपने नाम करवा ली।
आरोपी राजिंदर सिंह यह भली-भांति जानता था कि जमीन का कानूनी हक अब उसके पास नहीं रहा, फिर भी उसने पीड़ित कमलदीप अरोड़ा को अंधेरे में रखा। जब रजिस्ट्री का समय आया, तो आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही पीड़ित के 1 करोड़ रुपये वापस किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।